छात्रों की खुदकुशी पर खामोश बिग बी! अमिताभ बच्चन के आधी रात के पोस्ट पर भड़के यूजर्स- 'जमीन से जुड़िए, जनाब'
Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन के आधी रात के पोस्ट को देखकर सोशल मीडिया पर यूजर्स भड़क पड़े हैं। उन्होंने नीट पेपर लीक में छात्रों के सुसाइड पर उन्हें घेर लिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Amitabh Bachchan: मेगास्टार अमिताभ बच्चन अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट और ब्लॉग के जरिए चर्चा में बने रहते हैं। लेकिन इस बार उनका एक पोस्ट उन्हें भारी पड़ गया है। 7 जून की रात को 2 बजकर 12 मिनट पर अमिताभ बच्चन ने हीरे की दुर्लभता और उसकी महंगाई को लेकर एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट के सामने आते ही इंटरनेट पर यूजर्स का पारा चढ़ गया और लोगों ने उन पर सवालों की बौछार कर दी है। यूजर्स ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई है कि देश में नीट पेपर लीक और उसके कारण छात्रों द्वारा की जा रही खुदकुशी जैसे गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए अमिताभ बच्चन, आखिर क्यों बेतुकी बातों पर पोस्ट कर रहे है। लोगों का बिग बी के ऊपर गुस्सा फूट पड़ा है।
हीरे पर बिग बी का ट्वीट और यूजर्स का गुस्सा
अपने एक्स अकाउंट पर अमिताभ बच्चन ने लिखा कि हीरा इसलिए महंगा नहीं है क्योंकि वह दुर्लभ या असामान्य है, बल्कि वह महंगा इसलिए है क्योंकि उसे खोजना बहुत कठिन है। उनके इस पोस्ट को देखते ही यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि अमिताभ बच्चन हमेशा फालतू की चीजों पर चर्चा करते है, लेकिन देश के ज्वलंत मुद्दों जैसे नीट पेपर लीक, छात्रों की आत्महत्या और महंगाई पर कुछ भी बोलने से कतराते है।
छात्रों के मुद्दे पर अमिताभ की चुप्पी से खफा हुए फैंस
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने बेहद भावुक होते हुए लिखा कि सर, हीरे की तरह ही जीवन भी बहुत कीमती है। नीट पेपर लीक मामले में अब तक 6 छात्र आत्महत्या कर चुके है और इस पर आपकी ओर से एक शब्द भी नहीं आया था। यूजर ने दुख जताया कि फिल्मों में अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले किरदार निभाने वाले अमिताभ बच्चन, असल जिंदगी में युवाओं के साथ हो रहे अन्याय पर चुप क्यों है। वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए उन्हें नकली हीरा तक करार दे दिया। एक व्यक्ति ने लिखा कि आपको एक दुर्लभ हीरा माना जाता था, लेकिन आज एहसास हुआ कि आप कितने नकली है, खासकर तब जब आप गिरती अर्थव्यवस्था और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए है।
ब्लॉग के जरिए अतीत और भविष्य पर की बात
हीरे वाले ट्वीट से ठीक कुछ मिनट पहले, अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर अतीत और भविष्य को लेकर विचार शेयर किए थे। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा था कि उनका दिन उन लोगों के विचारों से भरा था, जो दूरदृष्टि रखते है और भविष्य के बारे में सोचते है। उन्होंने लिखा कि कई लोग आज में जीने की सलाह देते है, लेकिन जीवन में सफलता प्राप्त करने वाले महान विचारक अतीत को प्रेरणा के रूप में लेते है, वर्तमान को उस प्रेरणा को सक्रिय करने का साधन बनाते है और भविष्य के लिए चिंतन करते है।