सुपरहिट है अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी, ‘भूत बंगला’ से पहले दी इतनी आइकॉनिक कॉमेडी मूवीज, आज भी एक-एक सीन है वायरल
Akshay Kumar and Priyadarshan: अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है जिसमें फैंस को उनकी पुरानी आइकॉनिक फिल्मों की झलक एक साथ देखने को मिली।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Akshay Kumar and Priyadarshan: फिल्म इंडस्ट्री में कई दफा ऐसे एक्टर और डायरेक्टर की जोड़ी बन जाती है जो जब-जब बड़े पर्दे पर आती है, तब-तब धमाल मचा देती है। ऐसी ही एक जोड़ी है अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की, जिन्होंने कॉमेडी की दुनिया में अपनी फिल्मों से ऐसा कल्ट स्टेटस हासिल किया है जिसे आज भी टक्कर देना हर किसी की बसकी बात नहीं। ये जोड़ी अब हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ से 16 साल बाद वापसी कर रही है।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है जिसमें फैंस को उनकी पुरानी आइकॉनिक फिल्मों की झलक एक साथ देखने को मिली। 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव और तब्बू जैसे दिग्गज नजर आएंगे। ऐसे में एक नजर अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की पुरानी क्लासिक फिल्मों पर डालते हैं जो आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स के रूप में काफी वायरल हैं।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की मस्ट वॉच फिल्में-
Hera Pheri (2000)
‘हेरा फेरी’ को अगर अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सबसे आइकॉनिक फिल्म कहा जाए तो गलत नहीं होता। फिल्म में खिलाड़ी कुमार के साथ-साथ परेश रावल और सुनील शेट्टी भी नजर आए थे। फिल्म ने 12.36 करोड़ रुपये की ठीकठाक कमाई की थी लेकिन समय के साथ इसने कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया। ये एक ऐसी फिल्म है जिसका लगभग हर एक सीन आज मीम बन चुका है। अब प्रियदर्शन इसका तीसरा पार्ट लेकर आ रहे हैं।
Advertisement
Garam Masala (2005)
पांच साल बाद ये जोड़ी फिर लौटी और ‘गरम मसाला’ नाम की एक हिट फिल्म दे डाली। फिल्म में अक्षय कुमार ने मैक नाम के एक फोटोग्राफर का किरदार निभाया था जो एक नंबर का इश्कबाज होता है। उनकी कॉमिक टाइमिंग और फिल्म के गाने कमाल थे। उस समय उसने 29 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
Advertisement
Bhagam Bhag (2006)
2006 में रिलीज हुई कॉमेडी मूवी ‘भागम भाग’ में अक्षय कुमार के साथ गोविंदा नजर आए थे। लगभग 32 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने दुनियाभर में 40.38 करोड़ रुपये की कमाई की थी और बॉक्स ऑफिस पर हिट रही।
Bhool Bhulaiyaa (2007)
‘भूल भुलैया’ हिंदी सिनेमा की पहली ऐसी अनोखी मनोवैज्ञानिक हॉरर-कॉमेडी थी जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। फिल्म ने लगभग 49.10 करोड़ रुपये की कमाई की और बड़े पर्दे पर हिट रही। फिल्म में एक भूतिया हवेली और उसके राज से पर्दा उठता है।
De Dana Dan (2009)
‘दे दना दन’ में दो ऐसे कंगाल दोस्तों की कहानी दिखाई गई है जो अपनी अमीर गर्लफ्रेंड से शादी रचाने के लिए जल्दी से ढेर सारा पैसा कमाना चाहते हैं। अक्षय के साथ सुनील शेट्टी, कैटरीना कैफ और समीरा रेड्डी नजर आई थीं। फिल्म ने 48.01 करोड़ रुपये की कमाई की थी और आज भी दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर है।
Khatta Meetha (2010)
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘खट्टा मीठा’ भी एक कॉमेडी फिल्म थी जो व्यंग्यात्मक थी। फिल्म ने 38.66 करोड़ रुपये की एवरेज कमाई की थी लेकिन समय के साथ इसे भी अपनी ऑडियंस मिली और आज भी ये टीवी पर काफी व्यूअरशिप हासिल करती है।
अब ये जोड़ी 16 साल बाद हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ के साथ वापसी कर रही है जिसके ट्रेलर को दर्शकों से धमाकेदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी का जादू इतने साल भी बरकरार रहता है या नहीं।