Aditya Narayan Controversy: इवेंट मैनेजर का शॉकिंग खुलासा, बताया सिंगर ने क्यों फेंका फोन
Aditya Narayan Controversy: अब मामला बढ़ता देख कॉन्सर्ट के मैनेजर ने खुलासा किया है कि आदित्य नारायण ने ऐसा क्यों किया था।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Aditya Narayan Controversy: बॉलीवुड सिंगर आदित्य नारायण इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में बने हुए हैं। ये वीडियो भिलाई में उनके लाइव कॉन्सर्ट का है जिसमें वह एक फैन से फोन छीनकर फेंक देते हैं। इसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। अब मामला बढ़ता देख कॉन्सर्ट के मैनेजर ने इसके पीछे की वजह बताई है।
आदित्य नारायण का Rungta R2 College से एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कैसे स्टेज पर गाना गाते समय सिंगर ऑडियंस में से एक फैन का फोन छीन लेते हैं और उसे दूर जाकर कहीं फेंक देते हैं। उनकी इस हरकत के लिए लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं और उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं।
आदित्य नारायण के वायरल वीडियो का सच!
जैसे ही मामला गरमाने लगा, इवेंट मैनेजर ने आगे आकर विवाद पर सफाई दे दी। उन्होंने जूम से बात करते हुए खुलासा किया कि आखिर आदित्य नारायण ने कॉन्सर्ट के दौरान ऐसा बिहेव क्यों किया था। मैनेजर ने बताया कि वह लड़का उस कॉलेज का स्टूडेंट नहीं था और बार-बार सिंगर का पैर खींच रहा था जिसके बाद उन्हें गुस्सा आ गया।
मैनेजर के मुताबिक, “वह लड़का कॉलेज का स्टूडेंट भी नहीं था। वह कॉलेज के बाहर का होगा। वह बार-बार आदित्य के पैर खींच रहा था। वह बहुत इरिटेट कर रहा था। उसने कई बार अपना फोन आदित्य के पैरों पर मारा। उसके बाद सिंगर ने अपना आपा खो दिया था”।
Advertisement
इवेंट मैनेजर ने आगे ये भी कहा कि ‘उस इंसान ने आदित्य के साथ लगभग 200 सेल्फी ली होंगी और सिंगर ने खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं’। उन्होंने बताया कि कैसे इस घटना के बाद भी लाइव कॉन्सर्ट दो घंटे और चला था और सबकुछ आराम से हो गया। मैनेजर ने सिंगर की तारीफ की और कहा कि ऐसी घटनाओं की वजह से दर्शन रावल जैसे कलाकारों ने भी कॉलेजों में कॉन्सर्ट करने बंद कर दिए हैं।
‘लड़का सही होता तो सामने आता’
मैनेजर ने कहा कि “वो लड़का लगातार आदित्य को मार रहा था और उनके पैर खींच रहा था। अगर सिंगर गिर जाते तो… अगर वो लड़का सही होता तो आगे आकर कॉलेज ऑथोरिटी से शिकायत करता। मैं कई सालों से इस कॉलेज से जुड़ा हूं और ऐसा शानदार कॉन्सर्ट अबतक नहीं हआ है। लोगों ने खुद ऐसा कहा है”।