Dhurandhar 2 Controversy: पगड़ी पहने सिगरेट पीते रणवीर की फोटो पर बवाल, अब आदित्य धर ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच
Aditya Dhar on Dhurandhar 2 Controversy: ‘धुरंधर द रिवेंज’ के मेकर्स के खिलाफ सिख समुदाय के कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है जिसपर डायरेक्टर आदित्य धर ने चुप्पी तोड़ दी है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Aditya Dhar on Dhurandhar 2 Controversy: ‘धुरंधर द रिवेंज’ के मेकर्स के खिलाफ सिख समुदाय के कुछ लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने फिल्म के एक कथित पोस्टर और एक सीन पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स ने सिख समुदाय का ‘अपमान’ किया है। अब फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ दी है।
आदित्य ने उस विवादित फोटो का जिक्र किया जिसमें रणवीर सिंह के किरदार (जसकीरत सिंह रंगी) को पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए दिखाया गया था। हालांकि, फिल्ममेकर ने इस फोटो को ‘फर्जी और AI’ बता दिया है। इसके अलावा, उन्होंने फिल्म को मिल रहे धमाकेदार रिस्पॉन्स को लेकर भी आभार जताया है।
‘धुरंधर 2’ से जुड़े विवाद पर बोले आदित्य धर
आदित्य धर ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि इस तरह की फर्जी और भ्रामक तस्वीरें फैलाने वालों से "सख्ती से निपटा जाएगा" और दर्शकों से केवल मेकर्स द्वारा शेयर किए गए ऑफिशियल कंटेंट पर ही भरोसा करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा, “मुझे पता चला है कि कुछ लोग AI का यूज करके आधिकारिक तौर पर जारी किए प्रमोशनल मैटेरियल में हेरफेर करके झूठी और भ्रामक बातें फैला रहे हैं। ऐसी ही एक मनगढ़ंत तस्वीर में हमजा/जसकिरत को पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है। यह पूरी तरह से गलत है और न तो फिल्म का और न ही हमारे द्वारा जारी किसी ऑफिशियल कंटेंट का हिस्सा है। यह जानबूझकर किया गया गलत चित्रण है जिसका उद्देश्य लोगों को भड़काना और गड़बड़ी पैदा करना है”।
Advertisement
‘ये दुर्भावनापूर्ण और बेईमानी है’
उन्होंने लोगों से AI कंटेंट से दूर रहने के लिए कहा। धर ने आगे लिखा- “मैं सिख समुदाय का बहुत सम्मान करता हूं। फिल्म में हर सीन को बहुत संवेदनशीलता, गरिमा और जिम्मेदारी के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा, किसी भी तरह का छेड़छाड़ किया गया कंटेंट दुर्भावनापूर्ण और बेईमानी है”।
बता दें कि रणवीर की इस फेक फोटो के अलावा, ‘धुरंधर 2’ के एक सीन को लेकर भी माहौल गर्म है जिसमें आर माधवन के किरदार को कथित तौर पर सिगरेट पकड़े हुए पवित्र पंक्तियां पढ़ते हुए दिखाया गया है। माधवन ने बाद में साफ किया कि उन्होंने डायलॉग बोलने से पहले ही सिगरेट बुझा दी थी।