Asha Bhosle Last Wish: 'मैं मोक्ष प्राप्त करूंगी, जहां...', ये थी आशा भोसले की आखिरी इच्‍छा, दिग्गज सिंगर ने ऐसे जताई थी मरने की ख्‍वाहिश

भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका, पद्म विभूषण और दादा साहब फाल्‍के से सम्‍मानित आशा भोसले का आज निधन हो गया।

Asha Bhosle
Asha Bhosle | Image: X

Asha Bhosle Passes Away: भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका, पद्म विभूषण और दादा साहब फाल्‍के से सम्‍मानित आशा भोसले का आज निधन हो गया। 92 वर्षीय मशहूर प्लेबैक सिंगर ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। शनिवार रात उन्‍हें हार्ट अटैक आया था जिसके बाद मल्‍टी ऑर्गन फेलियर के चलते रविवार को को उनकी मौत हो गई। इस खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

आशा भोसले ने निधन से ठीक एक साल पहले 'कपल ऑफ थिंग्स' पॉडकास्ट में अपनी अंतिम इच्छा जाहिर की थी, जिसे अभिनेत्री अमृता राव और आरजे अनमोल होस्ट करते हैं। उन्होंने कहा था, "मेरी इच्छा है कि गाते-गाते ही मेरी मौत हो। गाना मेरी जिंदगी है। बचपन से गा रही हूं। तीन साल से क्लासिकल संगीत सीखा, बाबा ने सिखाया। पूरी जिंदगी इसी में बीत गई।" 82 वर्षों तक फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहने वाली आशा ने कहा, "फिल्म लाइन में 82 साल हो चुके हैं। अब बस यही चाहती हूं कि गाते हुए दम निकले। सबसे ज्यादा खुशी तब होगी जब गाना गाते-गाते चली जाऊं।" उनका आखिरी गाना हाल ही में रिलीज हुआ था, जो उनके जुनून का प्रतीक है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने पुष्टि की कि आशा भोसले को पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अलविदा कहा जाएगा। उनका पार्थिव शरीर कल सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोअर परेल स्थित उनके आवास पर रखा जाएगा। परिवारजन, मित्रगण और प्रशंसक अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

Advertisement

शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार होगा। संगीत नगरी मुंबई में पूरे समारोह की व्यवस्था की जा रही है। आशा भोसले ने लता मंगेशकर के बाद हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी आवाज बनकर इतिहास रचा। उनके गीतों ने पीढ़ियों को बांध रखा है।

निधन के बाद वायरल हुआ आशा भोसले का आखिरी पोस्‍ट

Advertisement

आशा भोसले के निधन के बाद उनका आखिरी पोस्ट वायरल हो रहा है, जो उन्होंने इंस्टाग्राम पर 18 मार्च को किया था। इस पोस्ट में उन्होंने अपने गाने ‘द शैडोई लाइट’ के साथ-साथ जीवन और मोक्ष के बारे में लिखा था।

आखिरी पोस्ट में आशा भोसले ने इंटरनेशनल बैंड ‘गोरिल्लाज’ के साथ नजर आईं। तस्वीर के बैकग्राउंड में भारतीय मोहल्ले, हाथी और टूटी फूटी चीजें दिख रही हैं। वहीं, इसके कैप्शन में लिखा गया था, “गीत ‘द शैडोई लाइट’ मेरे लिए बहुत गहरा अर्थ रखता है। वाराणसी जाकर और सबसे पवित्र नदी गंगा के किनारे यात्रा करते हुए, जो कुछ मैंने देखा उसे करीब से समझने पर मुझे जीवन का अर्थ समझ आया। मैं कौन हूं और इस धरती पर मुझे क्या करना है।”

इसके आगे उन्होंने लिखा था, ‘द शैडोई लाइट’ में, इस गहरे नदी को पार करना मेरे जीवन की जर्नी का प्रतीक है। मेरा जन्म, मेरे रिश्ते, संगीत के प्रति मेरा साधना, मेरी उपलब्धियां और एक बेटी, मां, बहन, पत्नी और एक हिंदू भारतीय के तौर पर मेरे कर्तव्य। इस जर्नी में नाविक मेरा संगीत है, जो मुझे जीवन की इस नदी के पार कराने वाला मेरा मार्गदर्शक है। जब मैं दूसरे किनारे पर पहुंचूंगी, तो मेरी यात्रा पूरी हो जाएगी। मैं मोक्ष प्राप्त करूंगी, जहां मैं उन हजारों ध्वनियों में एक हो जाउंगी जो हमारे चारों ओर हर समय तैरती रहती हैं।”

पोस्ट के आखिर में गायिका ने लिखा था, “जब उन ध्वनियों में से कुछ को एक साथ जोड़ा जाता है, तो वे एक सुंदर धुन बनाती हैं। इसी तरह, मैं भी उन ध्वनियों में एक बन जाउंगी। जो अंततः एक सुंदर गीत में एक संगीत-स्वर का रूप ले लेगी। एक ऐसा गीत जिसे हजारों वर्षों तक कई पीढ़ियां सुनती रहेंगी। प्रकृति के साथ एकाकार हो जाने की यही स्वतंत्रता नदी के दूसरे किनारे पर मेरा इंतजार कर रही है।” अब उनके इस पोस्ट को देखने के बाद फैंस इसे उनके पूर्वाभास के तौर पर देख रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- Tribute: 'नया दौर' की 'उमराव जान' ने 'इजाजत' लेकर कहा 'रंग रंग रंगीला रे'...वक्‍त बदला, पीढ़ियां बदलीं लेकिन हवा में हमेशा जिंदा रहेगी Asha Bhosle की आवाज

Published By :
Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड