उत्तराखंड में कांग्रेस को डबल झटका; हरक सिंह की बहू ने छोड़ी पार्टी, MLA राजेंद्र भंडारी BJP में गए
Uttarakhand News : लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के अगले ही दिन कांग्रेस पार्टी को उत्तराखंड में डबल झटका लगा है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के अगले ही दिन कांग्रेस पार्टी को उत्तराखंड में डबल झटका लगा है। उत्तराखंड के पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं ने निजी कारणों का हवाला देते हुए कांग्रेस छोड़ दी है। इसके अलावा बद्रीनाथ विधानसभा से विधायक राजेंद्र भंडारी ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
बद्रीनाथ विधानसभा से विधायक राजेंद्र भंडारी ने दिल्ली में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में बीजेपी ज्वाइन की। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी कहते हैं, 'उनका (राजेंद्र भंडारी) लंबा राजनीतिक करियर है। सरकार के विकास कार्यों के कारण वो बीजेपी में शामिल हुए हैं और वो उससे प्रभावित हैं। बीजेपी पहले से ही उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटें जीतने की स्थिति में थी, लेकिन हमारे परिवार में उनके शामिल होने से एक सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। हम दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी में उनका स्वागत करते हैं।'
अनुकृति गुसाईं ने छोड़ी कांग्रेस
उत्तराखंड के पूर्व वन मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं ने भी रविवार को कांग्रेस छोड़ दी। गुसाईं ने कहा कि वो निजी कारणों से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं। हरक सिंह रावत को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था और बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद वो अपनी बहू के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उनकी बहू गुसाईं को लैंसडाउन विधानसभा सीट से टिकट दिया था। फिलहाल उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है।
सौंदर्य प्रतियोगिता की पूर्व विजेता गुसाईं ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी के टिकट पर लैंसडाउन सीट से 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। गुसाईं ने 2017 में फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल का खिताब जीता था।