अपडेटेड 6 May 2024 at 16:16 IST

कौन हैं श्यामलाल पाल, जिन्हें UP में अखिलेश ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी; लेंगे नरेश उत्तम पटेल की जगह

समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष श्यामलाल पाल एक शिक्षाविद् हैं। वो इंटर कॉलेज से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

Follow : Google News Icon  
shyam lal pal and akhilesh yadav
श्याल लाल पाल और अखिलेश यादव | Image: facebook

Shyam Lal Pal: लोकसभा चुनावों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संगठनात्मक तौर पर उत्तर प्रदेश में बड़ा फेरबदल किया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष को बदल दिया है। फतेहपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे नरेश उत्तम पटेल की जगह अखिलेश यादव ने श्याम लाल पाल को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

समाजवादी पार्टी ने सोमवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए श्याम लाल पाल को यूपी इकाई का अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान किया। लेटर में लिखा है- 'श्याम लाल पाल को समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है।'

उत्तर प्रदेश में सपा के इस फेरबदल को लेकर पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से एक जानकारी दी है। इसके मुताबिक, नरेश उत्तम पटेल फतेहपुर लोकसभा सीट पर बतौर उम्मीदवार चुनाव में व्यस्त हैं, लिहाजा श्याम लाल पाल को पार्टी को मजबूत करने के लिए नियुक्त किया गया है। पीटीआई से बातचीत में सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी बताते हैं कि नरेश उत्तम पटेल ने खुद को प्रदेश अध्यक्ष पद से मुक्त करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखा था। उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है और पाल को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वर्तमान में पाल पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर थे।

कौन हैं सपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष श्यामलाल पाल?

समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष श्यामलाल पाल एक शिक्षाविद् हैं। वो इंटर कॉलेज से प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। श्यामलाल लगभग 20 सालों से समाजवादी पार्टी में हैं। वो नरेश उत्तम पटेल की कमेटी में उपाध्यक्ष के पद पर थे। प्रयागराज के रहने वाले श्यामलाल पाल अखिल भारतीय पाल महासभा से भी जुड़े रहे हैं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: जौनपुर से मायावती ने ऐन वक्त पर क्यों बदला उम्मीदवार, श्याम सिंह यादव का ज्योतिष वाला दावा कितना सच?

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 6 May 2024 at 16:16 IST