अपडेटेड 13 July 2024 at 17:06 IST
Punjab by-election: जालंधर पश्चिम सीट पर AAP उम्मीदवार मोहिंदर भगत की बड़ी जीत, 58.39% मिले वोट
अपनी जीत पर 66 वर्षीय भगत ने कहा कि मतदाताओं ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्यों के कारण आप के पक्ष में जनादेश दिया।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Punjab by-election: आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में शनिवार को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुराल को 37,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार भगत को 55,246 वोट मिले जबकि अंगुराल को 17,921 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 16,757 वोट मिले।
उपचुनाव में आप उम्मीदवार की बड़ी जीत
जालंधर में स्थित भगत के निवास पर जश्न मनाया गया। आप कार्यकर्ताओं ने भगत की जीत पर पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटी और ढोल की थाप पर नृत्य किया। इस जीत के साथ अब 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप के 91 विधायक हो जाएंगे।
Advertisement
अपनी जीत पर 66 वर्षीय भगत ने कहा कि मतदाताओं ने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्यों के कारण आप के पक्ष में जनादेश दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘इस परिणाम से यह स्पष्ट है कि लोगों को राज्य सरकार का काम पसंद आ रहा है।’’
Advertisement
भगत ने पहले चरण से लेकर 13 चरण की मतगणना तक बढ़त बनाए रखी।
दूसरे नंबर पर रहे बीजेपी उम्मीदवार अंगुराल
कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर नौ चरण की मतगणना तक दूसरे स्थान पर रहीं और उसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अंगुराल ने यह स्थान हासिल कर लिया। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) उम्मीदवार सुरजीत कौर चौथे स्थान पर और बहुजन समाज पार्टी ( बसपा) उम्मीदवार बिंदर कुमार पांचवें स्थान पर रहे।
अंगुराल के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी सीट
आप विधायक के तौर पर अंगुराल के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। वह मार्च में भाजपा में शामिल हो गए थे। जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर बुधवार को मतदान हुआ था और मतदान प्रतिशत 54.98 रहा था। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 67 प्रतिशत मतदान हुआ था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए, उपचुनाव में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी ‘आप’ को लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी राज्य की 13 संसदीय सीट में से सिर्फ तीन पर जीत हासिल कर सकी थी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 13 July 2024 at 17:06 IST