अपडेटेड 23 November 2024 at 22:06 IST

लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विकास के दृष्टिकोण पर मुहर लगाई: नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में अपनी पार्टी की जीत को शनिवार को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया।

Follow : Google News Icon  
JP Nadda
JP Nadda | Image: X- @BJP4India

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में अपनी पार्टी की जीत को शनिवार को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि लोगों ने विपक्ष की विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति को खारिज करते हुए देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण पर अपनी मुहर लगा दी है।

भाजपा मुख्यालय में चुनाव परिणामों के बाद आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने झारखंड में लोगों के जनादेश को स्वीकार किया और कहा कि उनकी पार्टी राज्य में ‘रचनात्मक विपक्ष’ की भूमिका निभाएगी और बांग्लादेश से घुसपैठ के खिलाफ ‘आखिरी सांस तक’ लड़ेगी।

नड्डा ने कहा, ‘‘यह एक ऐतिहासिक दिन है।’’ उन्होंने कहा कि चुनावों के ताजा दौर में महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के लोगों ने मोदी के विकास के एजेंडे और राष्ट्र की सेवा करने के उनके संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विकासवाद को अपना समर्थन दिया है और जो लोग जाति के आधार पर देश को बांट रहे थे और लोगों को गुमराह कर रहे थे, वे इन चुनावों में मुंह की खा गए हैं।’’

Advertisement

नड्डा ने कहा, ‘इन चुनावों और हाल ही में हरियाणा में हुए चुनाव के नतीजों ने ‘इंडिया’ गठबंधन के उन लोगों को जवाब दे दिया है जो इस भ्रम में जी रहे थे कि वे तुष्टीकरण की राजनीति करके और लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटकर सत्ता हासिल कर लेंगे।’’

नड्डा ने शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा नीत राजग ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी, लेकिन ठाकरे ने सत्ता के लालच में जनादेश के साथ विश्वासघात किया और उसका अपमान किया।

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने 2019 का चुनाव भी जीता था, लेकिन उद्धव ठाकरे ने हमें धोखा दिया। महाराष्ट्र ने इन चुनावों में उन्हें खारिज कर दिया है। आज लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया है और संदेश दिया है कि वे मोदी, महायुति, भाजपा, (एकनाथ शिंदे की) शिवसेना और राकांपा (अजित पवार की) के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे ‘‘देश के मूड’ को भी प्रतिबिंबित करते हैं।

ये भी पढ़ेंः 'मैं समंदर हूं, लौट कर वापस...', फडणवीस का CM बनना तय है? आखिर क्यों VIRAL हुआ 5 साल पुराना VIDEO

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 23 November 2024 at 22:06 IST