अपडेटेड 1 November 2024 at 16:46 IST
महाराष्ट्र में बागियों को कैसे मनाएगी BJP, क्या है पार्टी का प्लान? देवेंद्र फडणवीस ने खोला राज
देवेंद्र फडणवीस 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लड़ रहे हैं। उन्होंने बागी नेताओं को लेकर बयान दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Maharashtra Election: महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को भरोसा जताया कि विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे से असंतुष्ट होकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ बगावत करने वाले टिकट के दावेदारों को पार्टी के हित में काम करने के लिए मनाया जाएगा। वह अपने गृह नगर नागपुर में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लड़ रहे हैं।
मुंबई में पार्टी के बागियों के साथ भाजपा की महाराष्ट्र इकाई की बैठक के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘वे हमारे अपने लोग हैं और उनसे बात करना और उन्हें मनाना हमारी जिम्मेदारी है। कई बार (टिकट वितरण पर) नाराजगी होती है, लेकिन हम उन सभी को पार्टी के लिए काम करने के लिए मनाने को लेकर आश्वस्त हैं।’’
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख चार नवंबर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ताओं के आधार पर चलती है, पार्टी को ऊर्जा कार्यकर्ताओं से मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन और कार्यकर्ता बहुत महत्वपूर्ण हैं जो पार्टी को जीत दिलाते हैं।
फडणवीस ने कहा कि पिछले 30 से 32 वर्षों से वह लक्ष्मी पूजन के अवसर पर अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नागपुर में पार्टी कार्यालय जाते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम टिफिन ले जाते हैं और एक साथ खाना खाते हैं। यह एक परंपरा रही है। हालांकि, मैं पिछले दो वर्षों में ऐसा नहीं कर सका, लेकिन आज मैं फिर से कार्यालय आया हूं। मैं कर्मचारियों से मिलकर और अच्छी स्मृतियों को याद करके प्रसन्न हूं।’’
Advertisement
(PTI की खबर में सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया गया है।)
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 1 November 2024 at 16:07 IST