अपडेटेड 19 April 2024 at 10:07 IST
MP: पहले चरण में 6 सीटों पर 88 उम्मीदवार, 1.13 करोड़ मतदाता तय करेंगे भविष्य...वोटिंग जारी
मध्य प्रदेश में पहले चरण में 6 लोकसभा सीटों के लिए 88 उम्मीदवार हैं, जिनमें 81 पुरुष और 7 महिलाएं हैं। जबलपुर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Madhya Pradesh News: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भाजपा शासित राज्य की 29 लोकसभा सीटों में से शहडोल, मंडला (दोनों अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित), जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा और सीधी सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। ये छह निर्वाचन क्षेत्र 13 जिलों में फैले हैं।
अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अधिकांश स्थानों पर शाम छह बजे समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से नक्सल प्रभावित बालाघाट संसदीय क्षेत्र के बैहर, लांजी और परसवाड़ा में सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
पहले चरण में 88 उम्मीदवार
छह निर्वाचन क्षेत्रों में 88 उम्मीदवार - 81 पुरुष और सात महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। जबलपुर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार हैं जबकि शहडोल में सबसे कम दस उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन 13,588 मतदान केन्द्रों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 1,118 केन्द्रों की प्रभारी महिला अधिकारी हैं। छह निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 1,13,09, 636 (57,20,780 पुरुष, 55,88,669 महिला और 187 ट्रांसजेंडर) है।
Advertisement
मतदाताओं के लिए खास व्यवस्था
गर्मी के मौसम को देखते हुए मतदान केंद्रों पर छाया, पानी और ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) की व्यवस्था की गई है। अधिकारी ने बताया कि नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में एक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया है, जबकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जबलपुर में एक एयर एम्बुलेंस उपलब्ध रहेगी। राज्य में नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में 77.82 फीसदी मतदान हुआ था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में राज्य में 61.57 फीसदी मतदान हुआ था। 2019 के आम चुनाव में प्रतिशत बढ़कर 71.16 हो गया।
(PTI की इस खबर में सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया गया है)
Advertisement
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 19 April 2024 at 10:07 IST