अपडेटेड 19 April 2024 at 18:07 IST
बंगाल-असम में सबसे ज्यादा वोटिंग, बिहार और राजस्थान पिछड़े...देखिए शाम 5 बजे तक कहां कितना मतदान हुआ
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोट पड़े हैं। 16.63 करोड़ से मतदाताओं ने1600 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Lok Sabha Election 2024: दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में लोकसभा चुनावों के पहले चरण में मतदान संपन्न हो गया है। पश्चिम बंगाल की कुछ छुट-पुट घटनाओं को छोड़कर पूरे देश में लगभग हर जगह शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हुई है। संसदीय चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ था, जो शाम 6 बजे तक जारी रहा। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों पर वोट डाले गए हैं। पहले चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेंद्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और द्रमुक की कनिमोई जैसे कई बड़े चेहरे शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोट पड़े हैं। इन राज्यों में पहले चरण के कुल मतदाताओं की संख्या 16.63 करोड़ से ज्यादा रही है। इनमें 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं। इन मतदाताओं ने 102 सीटों पर 1600 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया है।
यह भी पढ़ें: क्या बंगाल में पत्थरबाजी करके वोटर्स रोके गए? बीजेपी ने दिखाए 'सबूत', चुनाव आयोग से शिकायत करेगी पार्टी
102 सीटों पर किस राज्य में कितनी वोटिंग? (शाम 5 बजे तक)
अंडमान-निकोबार द्वीप: 56.87 प्रतिशत
अरुणाचल प्रदेश: 63.44 प्रतिशत
असम: 70.77 प्रतिशत
बिहार: 46.32 प्रतिशत
छत्तीसगढ़: 63.41 प्रतिशत
जम्मू कश्मीर: 65.08 प्रतिशत
लक्षद्वीप: 59.02 प्रतिशत
मध्य प्रदेश: 63.25 प्रतिशत
महाराष्ट्र: 54.85 प्रतिशत
मणिपुर: 67.76 प्रतिशत
मेघालय: 69.91 प्रतिशत
मिजोरम: 52.73 प्रतिशत
नागालैंड: 55.79 प्रतिशत
पुडुचेरी: 72.84 प्रतिशत
राजस्थान: 50.27 प्रतिशत
सिक्किम: 68.06 प्रतिशत
तमिलनाडु: 62.02 प्रतिशत
त्रिपुरा: 76.10 प्रतिशत
उत्तर प्रदेश: 57.54 प्रतिशत
उत्तराखंड: 53.56 प्रतिशत
पश्चिम बंगाल: 77.57 प्रतिशत
Advertisement
किस राज्य में कितनी सीटों पर पड़े वोट?
दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक कवायद आज देश में शुरू हो चुकी है, जिसमें 18वीं लोकसभा के 543 सदस्यों को चुनने के लिए 7 चरणों में चलने वाली मैराथन कवायद का पहला चरण पूरा हो चुका है। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर मतदान हुआ है। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। 19 अप्रैल से 1 जून तक चलने वाली चुनाव प्रक्रिया पहले आम चुनाव के बाद देश के चुनावी इतिहास में दूसरा सबसे लंबी मतदान प्रक्रिया है। पहले आम चुनाव सितंबर 1951 और फरवरी 1952 के बीच 5 महीनों में जाकर संपन्न हुए थे।
पहले चरण में जहां चुनाव हुए हैं, उनमें तमिलनाडु की सभी 39 सीटों के अलावा राजस्थान में 12 सीट, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, महाराष्ट्र-असम-उत्तराखंड में 5-5 सीट, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय में 2-2 सीटें शामिल हैं। जम्मू कश्मीर, छत्तीसगढ़, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप 1-1 सीट पर चुनाव हुआ है। बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में 19 अप्रैल समेत सभी 7 चरणों में वोटिंग होगी। तमिलनाडु, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप में एक ही चरण का चुनाव हुआ है।
Advertisement
पिछले चुनाव मतलब 2019 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UPA ने इन 102 सीटों में से 45 और बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन NDA ने 41 सीटें जीती थीं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 19 April 2024 at 18:04 IST