LIVE UPDATES/ राष्ट्रपति भवन पहुंचे PM मोदी समेत कई नेता, द्रौपदी मुर्मू ने किया रात्रिभोज का आयोजन
Lok sabha Election News Live Updates: देश की जनता ने तीसरी बार NDA सरकार को मौका दिया है। 543 लोकसभा सीटों के नतीजे 4 जून को घोषित हुए, जहां एनडीए के खाते में 292 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 20 सीटें ज्यादा हैं। विपक्ष के INDI गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं। दिलचस्प ये है कि देश की जनता ने अकेले किसी भी पार्टी को जनादेश नहीं दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 8 min read

5 June 2024 at 23:11 IST
राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निवर्तमान केंद्रीय मंत्रिपरिषद के लिए राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज का आयोजन किया।
5 June 2024 at 23:11 IST
टुकड़े-टुकड़े, खान मार्केट गैंग की जमात निर्लज्ज है- गिरिराज सिंह
बेगूसराय से विजयी भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने कहा, "टुकड़े-टुकड़े, खान मार्केट गैंग की जमात निर्लज्ज है, वे कह रहे थे कि सरकार बनाएंगे। राहुल गांधी ऐसे प्रेस कॉन्फेंस कर रहे हैं जैसे उनकी सरकार बन गई। 60 साल देश में शासन किया फिर भी 99 सीटें आई तब भी खुशी मना रहे हैं। हम तीसरी बार सरकार बना रहे हैं यह PM मोदी की गारंटी है और टुकड़े-टुकड़े गैंग की सभी पार्टियों को मिलाकर जितनी सीटें मिली उससे ज्यादा तो अकेली भाजपा को मिली है।
Advertisement
5 June 2024 at 23:11 IST
INDIA गठबंधन लड़ाई जारी रखेगा- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "हमारी बैठक में गठबंधन पार्टी के नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालत और मौजूदा परिस्थिति पर बहुत से सुझाव आए और चर्चा हुई, निष्कर्ष यह निकला कि हम सब मिलकर एक साथ यह कहना चाहते हैं- 'INDIA गठबंधन के घटक हमारे गठबंधन को मिले भारी समर्थन के लिए भारत की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। जनता के जनादेश ने भाजपा और उसकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह जनादेश भारत के संविधान की रक्षा और महंगाई, बेरोजगारी व क्रोनी पूंजीवाद के खिलाफ तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए है। INDIA गठबंधन मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।
5 June 2024 at 20:13 IST
राष्ट्रपति भवन में डिनर का आयोजन
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने मोदी कैबिनेट के लिए डिनर का आयोजन किया है। मोदी सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं का राष्ट्रपति भवन पहुंचने का सिलसिला जारी है। थोड़ी देर में पीएम मोदी भी राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगे।
Advertisement
5 June 2024 at 19:35 IST
NDA ने नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से नेता चुना
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बुधवार को सर्वसम्मति से नरेन्द्र मोदी को अपना नेता चुन लिया। इसके साथ ही लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभालने की दिशा में मोदी ने एक और कदम आगे बढ़ा दिया।
5 June 2024 at 17:41 IST
राष्ट्रपति ने 17वीं लोकसभा को किया भंग
कैबिनेट ने आज की बैठक में राष्ट्रपति को 17वीं लोकसभा को तत्काल प्रभाव से भंग करने की सलाह दी । राष्ट्रपति ने कैबिनेट की सलाह मान ली है और 17वीं लोकसभा को भंग करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिये हैं।
5 June 2024 at 17:37 IST
NDA के घटक दलों की बैठक खत्म
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह NDA के घटक दलों की बैठक के समापन के बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास 7, एलकेएम से रवाना हुए।
5 June 2024 at 17:15 IST
PM मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे- सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "NDA ने 292 सीट PM मोदी के नेतृत्व में, नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की सीटें NDA ने जीती है। PM मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। नीतीश कुमार बिहार के सबसे बड़े नेता हैं, सब साथ हैं।"
5 June 2024 at 17:14 IST
नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे- जीतन राम मांझी
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा(सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा, "एकदम स्पष्ट है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और हम पहले से ही उनका समर्थन कर रहे हैं, आज भी करते हैं। जहां PM मोदी रहेंगे वहां हम रहेंगे।"
5 June 2024 at 14:26 IST
नरेंद्र मोदी का PM पद से इस्तीफा, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया मंजूर
नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मोदी ने आज राष्ट्रपति से मुलाकात की और मंत्रिपरिषद के साथ अपना इस्तीफा सौंप दिया। राष्ट्रपति ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया है कि वो नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें।
5 June 2024 at 14:22 IST
रामजी का आशीर्वाद INDIA गठबंधन को मिला- तेजस्वी
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोगों का प्रदर्शन बहुत बढ़िया रहा है। जिस हिसाब से हमने मुद्दों पर चुनाव लड़ा है वे सभी देख सकते हैं। अयोध्या में रामजी का आशीर्वाद INDIA गठबंधन को मिला। जो मोदी फैक्टर की बात हो रही थी वो खत्म हो गया। बीजेपी बहुमत से दूर चली गई है। जो सहयोगी हैं अब उन पर निर्भर है। हमें खुशी है कि हमारा जो प्रयास था उसमें हमलोग कामयाब हुए हैं। हमारी उम्मीद है कि जो भी नई सरकार बनें वे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाए और हमने जो आरक्षण बढ़ाया है उसको शेड्यूल लाइन में किया जाए।
5 June 2024 at 11:33 IST
नीतीश और तेजस्वी एक साथ फ्लाइट में दिखे
एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नीतीश कुमार दिल्ली पहुंच रहे हैं। उसके पहले एक तस्वीर ने धड़कनें बढ़ा दी हैं। दिल्ली आने वाली फ्लाइट में नीतीश कुमार को तेजस्वी यादव के साथ देखा गया है। दोनों ही नेताओं का दिल्ली आना हो रहा है।
5 June 2024 at 11:31 IST
नीतीश कुमार को लेकर हलचलें तेज
बिहार के सीएम नीतीश कुमार को लेकर हलचलें तेज हैं। नीतीश कुमार एनडीए का हिस्सा हैं और उनकी पार्टी जदयू ने लोकसभा चुनाव में 12 सीटें हासिल की हैं। इससे वो केंद्र में एक किंगमेकर की भूमिका में आ चुके हैं। क्योंकि बीजेपी को अकेले बहुमत नहीं मिला है। 2024 में बीजेपी को 240 सीट मिली हैं। ऐसे में नीतीश कुमार को लेकर आशंकाएं हैं कि वो एनडीए छोड़कर INDI गठबंधन में जा सकते हैं। फिलहाल एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नीतीश कुमार दिल्ली पहुंच रहे हैं।
5 June 2024 at 10:31 IST
नीतीश कुमार के आवास पर अपने सांसदों के साथ पहुंचे चिराग पासवान
चिराग पासवान अपने सांसदों के साथ पटना में नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे हैं। चिराग पासवान ने कहा कि आज बधाई देने का दिन है। मुख्यमंत्री ने जिस तरह से गठबंधन को मजबूती देने का काम किया। मेरी पार्टी के सभी सांसद मिलने आए थे, धन्यवाद देने और आर्शीवाद लेने आए हैं। हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक स्थिर सरकार बनाने जा रहे हैं। हाजीपुर ऐसा क्षेत्र है जब से पार्टी बनी चुनाव लड़ें, घर घर तक पार्टी को पहुंचाना है।
5 June 2024 at 10:28 IST
पटना में नीतीश कुमार के आवास पर नेताओं का जमावड़ा
पटना में नीतीश कुमार के आवास पर नेताओं का जमावड़ा लगने लगा है। संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी जैसे कई नेता नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे हुए हैं।
5 June 2024 at 10:27 IST
नीतीश कुमार INDI गठबंधन में आएं, कोई भी पद ले लें- RJD का ऑफर
नीतीश कुमार को लेकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव एक साथ एक ही फ्लाइट में दिल्ली जा रहे हैं। डेढ़ घंटे की यात्रा में तेजस्वी और नीतीश कुमार एक साथ रहेंगे। कोई फैसला करने के लिए 1 मिनट का समय काफी होता है, डेढ़ घंटे बहुत होते हैं। तेजस्वी प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार को हमेशा सम्मान दिया है। राजद विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार से मेरी आग्रह है कि वो गठबंधन में आए और जो भी पद लेना है वो ले लें। आज संपूर्ण क्रांति दिवस का दिन है। नीतीश कुमार संपूर्ण क्रांति को याद करके बीजेपी को सत्ता से बाहर करें।
5 June 2024 at 10:25 IST
एकनाथ शिंदे दिल्ली के लिए रवाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वो दिल्ली में होने वाली NDA की बैठक में शामिल होंगे।
5 June 2024 at 10:23 IST
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन दिल्ली रवाना
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन आज होने वाले INDI गठबंधन बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली रवाना हुए। उनकी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में 22 सीटें जीतीं।
5 June 2024 at 10:22 IST
शरद पवार दिल्ली के लिए रवाना हुए, INDI गठबंधन की बैठक में होंगे शामिल
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और पार्टी सांसद और बारामती से विजयी उम्मीदवार सुप्रिया सुले आज होने वाले INDIA गठबंधन बैठक के लिए मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
5 June 2024 at 10:18 IST
UP में बड़ी जीत पर अखिलेश यादव ने दिया बयान
लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि मतदाताओं आपने साबित कर दिया है कि जनता की शक्ति से बड़ा ना किसी का बल होता है, ना किसी का छल। इस बार जनता ही जीती है, शासक नहीं।
5 June 2024 at 09:14 IST
खड़गे के आवास पर INDI गठबंधन की बैठक होगी
लोकसभा चुनावों में विपक्ष के INDI गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं। नतीजों से पूरा विपक्ष खुश है। आगे की रणनीति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDI गठबंधन की बैठक बुलाई गई है।
5 June 2024 at 09:13 IST
दिल्ली में आज NDA की बड़ी बैठक
नरेंद्र मोदी रिकॉर्ड तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए तैयार हैं, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 543 सदस्यीय लोकसभा में 292 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद एनडीए की आज दिल्ली में बड़ी बैठक होनी है। इसमें सरकार के गठन को लेकर मंथन किया जा सकता है।
5 June 2024 at 09:10 IST
चुनाव में किस पार्टी को कितनी सीट मिली?
देश की जनता ने तीसरी बार NDA सरकार को मौका दिया है। 543 लोकसभा सीटों के नतीजे 4 जून को घोषित हुए, जहां एनडीए के खाते में 292 सीटें मिली हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 20 सीटें ज्यादा हैं। विपक्ष के INDI गठबंधन को 234 सीटें मिली हैं। दिलचस्प ये है कि देश की जनता ने अकेले किसी भी पार्टी को जनादेश नहीं दिया है।
चुनाव में किस पार्टी को कितनी सीट मिली?
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 5 June 2024 at 09:19 IST