'वोट गलत हाथों में जाता है तो कर्फ्यू लगता है, सही हाथों में तो कांवड़ यात्रा निकलती है'- CM योगी
मुख्यमंत्री ने यहां प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सही उम्मीदवारों को वोट देने पर देश को एक नयी दिशा मिलती है
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

CM Yogi On Voting: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से लोकसभा चुनावों में सोच-समझकर मतदान करने का शुक्रवार को आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने यहां प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सही उम्मीदवारों को वोट देने पर देश को एक नयी दिशा मिलती है और ‘आस्था’ का निर्माण होता है लेकिन यदि गलत उम्मीदवार को वोट देकर सत्ता में लाया जाता है तो अराजकता फैलती है।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री रहने के कारण अयोध्या में ‘आस्था’ का सम्मान संभव हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वोट गलत हाथों में जाता है तो कर्फ्यू लगता है और अगर सही हाथों में जाता है तो कांवड़ यात्रा निकलती है।’’
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले, देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थीं, भारत की छवि बहुत खराब थी, भारत के पासपोर्ट को अधिक महत्व नहीं दिया जाता था तथा विकास कार्य थम गए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में काफी भ्रष्टाचार हुआ था।
Advertisement
आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 में मोदी के केंद्र की सत्ता में आते ही सीमाएं सुरक्षित हो गयीं और भारत की सीमा के अंदर घुसने की अब कोई हिम्मत नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने के साथ आतंकवाद और पथराव समाप्त हो गए।