'नया भारत किसी को छेड़ता नहीं लेकिन जब कोई छेड़ेगा तो छोड़ेगा नहीं', आरा में गरजे योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ बिहार में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। आरा में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने विकसित भारत के रसूख के बारे में बताया।
- चुनाव न्यूज़
- 4 min read

Yogi Adityanath: लोकसभा चुनाव के 7वें चरण यानि आखिरी दौर से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तपा देने वाली गर्मी के बीच बिहार में ताबड़तोड़ रैलियां की। पाटलिपुत्र में रविशंकर प्रसाद के लिए वोट मांगा तो आरा में आरके सिंह के लिए वोट अपील करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नए भारत को अपने अंदाज में परिभाषित किया।
योगी ने कहा कि जनता का साफ कहना है कि राम भक्त ही दिल्ली के सिंहासन पर राज करेगा। उन्होंने दावा किया कि इस दौर में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।
बाबू वीर कुंवर को किया नमन
आरा के सेमरिया पड़रिया खेल मैदान में योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा- आरा की बात आती है तो मुझे 1857 याद आता है। आप सोचिए 80 वर्ष की उम्र में बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजों को मार-मार कर भगाया था। ऐसे वीर बलिदानियों की भूमि है। इसलिए मैं इस भूमि को कोटि-कोटि नमन करता हूं। आप सभी का अभिनंदन करता हूं। क्योंकि आप लोग वीर कुंवर सिंह की धरती के लाल हैं।
यह नया भारत है...- योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा- 2014 के बाद और पहले के भारत में जमीन आसमान का अंतर है...2014 के भारत में देश की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित है...आतंकवाद पर नकेल कसी गई है...आज अगर पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान को सफाई देनी पड़ती है कि यह हमने नहीं किया है। यह नया भारत है। छेड़ेगा नहीं लेकिन अगर कोई छेड़ेगा तो छोड़ेगा नहीं। मजबूत हाथों में देश है तो दुश्मन भी दबकर चलते हैं। गरीब भूख से मरता था, आज 80 करोड़ लोगों को राशन की सुविधा का सौभाग्य मिल रहा है।
Advertisement
अयोध्या में राम मंदिर बना। हम सौभाग्यशाली हैं। हम लोगों ने बदलते भारत को देखा है। 2014 के बाद का भारत और 2014 के पहले का भारत। आपको आसमान-जमीन का अंतर दिखाई देगा। 2014 से पहले कांग्रेस ने पहचान का संकट खड़ा किया था। राजद ने पहचान का संकट खड़ा किया था। सीमा सुरक्षित नहीं थी, आतंकवाद था।
इंडी अलायंस ने नक्सली को दिया टिकट
योगी आदित्यनाथ ने कहा- आपके सांसद केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और यहां के दामाद राजकुमार सिंह जब IPS हुए थे तो उनकी उम्र 20 साल थी। उन्होंने इस धरती का मान सम्मान बढ़ाया। भारत के ऊर्जा मंत्री के रूप में 25 करोड़ के आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश को भी बिजली संकट से मुक्त किया। उन्होंने समस्या का समाधान निकाला। आरके सिंह को सबका आशीर्वाद प्राप्त हो, इसलिए मैं आया हूं। उन्होंने तो नक्सली को टिकट थमा दिया है।
Advertisement
योगी बोले- फिर एक बार मोदी सरकार
यूपी के सीएम ने आगे कहा- अब तक छह चरणों के हुए चुनाव में मुझे अलग-अलग राज्यों में जाने का मौका मिला। 12-14 राज्यों में गया। चारों तरफ एक ही नारा है, एक ही संकल्प है, फिर से एक बार मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि जब 400 पार की बात होती है तो कांग्रेसी और विपक्षियों को दिक्कत होती है। उसके बाद ये अनर्गल बात फैलाते हैं। जनता जनार्दन कहती है राम भक्त ही राज करेगा। इसके लिए उन्होंने संकल्प लिया है। 500 वर्षों का इंतजार समाप्त हुआ।
राजद ने किया छल
योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी खेमे को छलिया करार दिया। यानि जनता से छल करने वाला। उन्होंने कहा- कांग्रेस और राजद आपको कहां ले जाना चाहती है। इन लोगों ने हमेशा छल किया। इन्होंने देश के साथ छल किया। सनातन धर्म के साथ छल किया, बिहार से छल किया। लालू जी अपने परिवार के बाहर किसी के बारे में नहीं सोच सकते हैं।
1 जून को चुनाव
आगामी 1 जून को देश में सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान होना है। इस चरण में बिहार की 8 सीटों पर वोटिंग होनी है। सातवें चरण के मतदान को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बिहार में आरजेडी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इंडी अलायंस ने यहां से भाकपा माले के सुदामा प्रसाद को मैदान में उतारा है।
ये भी पढ़ें- 4 जून को किसकी सरकार? नतीजों से पहले ही 'स्टीयरिंग' पर एक्शन में खड़गे, BJP बोली-अंतिम चरण में INDI