ये चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच, कांग्रेस को परिवार की चिंता- खड़गे पर CM योगी का पलटवार
सीएम योगी ने कहा कि राम भक्तों पर जब गोली चली थी तो प्रदेश में सपा की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार, कांग्रेस को गरीब की चिंता नहीं है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव में 4 चरणों का मतदान हो चुका है, 20 मई को पांचवे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी 400 पार के मिशन के लेकर आगे बढ़ रही है। बीजेपी के दिग्गज लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धुंआधार प्रचार कर रहे हैं।
सीएम योगी अपनी रैलियों में कांग्रेस पर खूब हमलावर हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि देश का चुनाव ध्रुवीकरण के बीच नहीं हो रहा है, यह चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच है। यूपी की सीएम ने कहा कि राम भक्तों पर जब गोली चली थी तो प्रदेश में सपा की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी,कांग्रेस को गरीब की चिंता नहीं है उनको अपने परिवार की चिंता है।
कांग्रेस-सपा ने हमेशा बंटवारे की राजनीति की- सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का वैसे भी सफाया है। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इन्होंने हमेशा बंटवारे की राजनीति की है। कांग्रेस का इतिहास है देश को पहले बांटा, फिर जाति, मत और मजहब के आधार पर बांटा, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटा। आज फिर ये उसी प्रकार की विभाजन की राजनीति करना चाहते हैं, झूठ बोलकर गुमराह करने की राजनीति करते हैं।
Advertisement
INDI गठबंधन राम विरोधी है- सीएम योगी
उन्होंने कहा कि 2012 में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने कहा था कि यहां जितने भी दलित महापुरुषों के स्मारक बने हुए हैं इन्हें तोड़कर कोई दूसरी चीज बनाएंगे। बांटो और राज करो के कांग्रेस के सिद्धांत का अनुसरण आज INDI गठबंधन कर रहा है। संविधान में जितना संशोधन और जितनी छेड़छाड़ कांग्रेस ने की इतना किसी ने नहीं किया। आज भी कांग्रेस और सपा इस प्रकार का षड्यंत्र कर रहे हैं जो देश और समाज के लिए अपूरणीय क्षति हो सकती है। INDI गठबंधन राम विरोधी है। ये अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ी जाति को मिलने वाले आरक्षण के विरोधी हैं।