अपडेटेड 30 April 2024 at 18:11 IST

सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रम भाजपा के प्रति ‘‘जनता का अगाध स्नेह’’ दर्शाते हैं : राजनाथ सिंह

सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रमों का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस को ‘‘डूबता जहाज’’ बताया।

Follow : Google News Icon  
Rajnath Singh file photo
Rajnath Singh file photo | Image: PTI

Lok sabha Election: सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रमों का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस को ‘‘डूबता जहाज’’ बताया और कहा कि ये वाकये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति जनता का अगाध स्नेह दर्शाते हैं। सिंह खंडवा लोकसभा सीट के निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में मांधाता में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

सिंह ने कहा,‘‘इस बार लोकसभा चुनाव में करिश्मा हो गया। सूरत से भाजपा का प्रत्याशी निर्विरोध जीत गया और इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी ने पर्चा वापस लेकर भाजपा को समर्थन दे दिया। यह भाजपा के प्रति जनता के अगाध स्नेह को दर्शाता है जो लगातार बढ़ता जा रहा है।"

उन्होंने कहा,‘‘...लेकिन कांग्रेस के नेता कहते हैं कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं। आजाद भारत में कांग्रेस के प्रत्याशी 20 बार निर्विरोध चुने गए हैं। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या तब लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा नहीं हुआ था?"

कांग्रेस वह डूबता जहाज है जिसमें छेद हो चुका है- राजनाथ सिंह

Advertisement

सिंह ने कहा कि कांग्रेस वह डूबता जहाज है जिसमें छेद हो चुका है और इस जहाज को डूबने से दुनिया की कोई भी ताकत रोक नहीं सकती। इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए सोमवार (29 अप्रैल) को अपना नामांकन वापस ले लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।

सूरत सीट पर भाजपा उम्मीदवार की जीत

Advertisement

इससे पहले, भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गुजरात की सूरत सीट से 22 अप्रैल को अपनी पहली जीत दर्ज की, जब कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुंभानी का नामांकन गड़बड़ियों के कारण खारिज कर दिया गया और अन्य उम्मीदवार भी चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। नतीजतन भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल की चुनावी जीत सुनिश्चित हो गई।

रक्षा मंत्री ने कहा,‘‘महात्मा गांधी ने कहा था कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने उनकी बात नहीं मानी। अब भारत की जनता गांधी के कहे मुताबिक कांग्रेस को समाप्त करने पर आमादा है।’’

उन्होंने कटाक्ष किया,‘‘अगर आप 10 साल बाद किसी बच्चे से पूछेंगे कि क्या वह कांग्रेस को जानता है, तो वह कहेगा-कौन कांग्रेस? कांग्रेस की यह हालत हो गई है।’’

राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर भी बोला हमला

सिंह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के देश में ‘‘संपत्ति के सर्वेक्षण’’ संबंधी बयान और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा की ‘‘विरासत कर’’ संबंधी टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रस्ताव देश की जनता को मंजूर नहीं हैं और वैश्विक अर्थशास्त्रियों ने इन प्रस्तावों को ‘‘बहुत खतरनाक खेल’’ बताया है।

सिंह ने यह भी कहा कि देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराना भाजपा का संकल्प है और ऐसा सुनिश्चित करने के लिए नियम-कायदों में जरूरी संशोधन किए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें : आज भी नहीं होगी धनंजय सिंह की रिहाई, कल सुबह तक आ सकते हैं बाहर

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 30 April 2024 at 18:11 IST