रायबरेली में राहुल गांधी के नामांकन से पहले हंगामा, आपस में भिड़े सपा-भाजपा कार्यकर्ता
रायबरेली में भारी हंगामा हुआ है। नामांकन से पहले राहुल गांधी के रोड शो में सपा-भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Rahul Gandhi In Rae Bareli: रायबरेली में भारी हंगामा हुआ है। नामांकन से पहले राहुल गांधी के रोड शो में सपा-भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। आपको बता दें कि भाजपा से राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और देर रात कांग्रेस के राहुल गांधी के नाम पर मुहर लगने के बाद आज हुजूम उमड़ पड़ा है। दोनों दल शक्ति प्रदर्शन में एक-दूसरे से आगे निकलने में लगे हुए हैं। राहुल गांधी के नामांकन में सपाई भी भारी तादाद में पहुंच रहे हैं।
इस दौरान सुपर मार्केट में भाजपा और सपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यह देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अफसरों के हाथ पैर फूलने लगे। जैसे-तैसे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर अलग किया।
कुछ ऐसा ही माहौल केंद्रीय काग्रेस कार्यालय के सामने भी देखने को मिला। जैसे ही भाजपा के नामांकन का काफिला गुजरा कांग्रेसी हो हल्ला मचाने लगे। इस पर भाजपाई भी आक्रोशित हो गए। हालांकि बाद में कांग्रेसियों के शांत होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी आगे बढ़ गए।
रायबरेली पहुंचा गांधी परिवार
Advertisement
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी रायबरेली पहुंच गए हैं। मां सोनिया गांधी भी साथ हैं। गांधी परिवार फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचा। प्रियंका गांधी के साथ रॉबर्ट वाड्रा भी रायबरेली पहुंचे। अशोक गहलोत भी गांधी परिवार के साथ मौजूद रहे। रायबरेली में राहुल गांधी के नामांकन रथ पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की फोटो भी दिखी। रथ पर लिखा, इंडिया बदलेगा देश के हालात।