अपडेटेड 24 April 2024 at 19:55 IST

हो गया कंफर्म, कन्नौज से कल नामांकन भरेंगे अखिलेश यादव; तेज प्रताप का कटा टिकट

Kannauj Lok Sabha Chunav 2024 : कन्नौज लोकसभा सीट से सपा ने तेज प्रताप यादव को उम्मीदवार बनाया था। अब खुद अखिलेश यादव चुनाव मैदान में उतर गए हैं।

Follow : Google News Icon  
samajwadi party chief akhilesh yadav
समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव | Image: Facebook

Lok Sabha Chunav 2024: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है। अखिलेश यादव गुरुवार को कन्नौज लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोशल मीडिया मंच X पर बुधवार शाम को एक पोस्ट में कहा कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कल दोपहर 12 बजे कन्नौज लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

इससे पहले इटावा में विपक्षी दलों के INDI गठबंधन  के कार्यकर्ता सम्मेलन से इतर संवाददाताओं ने अखिलेश यादव से पूछा था कि कन्नौज से मौजूदा सपा प्रत्याशी तेज प्रताप सिंह ही चुनाव लड़ेंगे या वह खुद भी चुनाव लड़ सकते हैं, तो उन्होंने कहा, 'देखिए... जब नामांकन होगा तो आपको खुद पता लग जाएगा और हो सकता है कि नामांकन से पहले ही आपको जानकारी मिल जाए।'

तेज प्रताप यादव का कटा टिकट

इस सवाल पर कि कन्नौज के लोग चाहते हैं कि सपा अध्यक्ष खुद वहां से चुनाव लड़ें, अखिलेश यादव ने कहा था, 'सवाल कन्नौज की ऐतिहासिक जीत का है। कन्नौज अलग बात है, लेकिन उससे ज्यादा जो जनता ने मन बनाया है। जनता बीजेपी के खिलाफ मतदान करने जा रही है। NDA को पीडीए हराएगा।' इससे पहले कन्नौज लोकसभा सीट से सपा ने पिछले सोमवार को मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को इसी सीट से उम्मीदवार बनाया था। 2014 से 2019 तक मैनपुरी से सांसद रहे तेज प्रताप बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद हैं और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भतीजे हैं।

2000 में सांसद बनें अखिलेश

अखिलेश यादव 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गये थे। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध चुनी गयी थीं। 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी के सुब्रत पाठक से हार गई थीं।

Advertisement

अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। वह 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिये नामांकन गुरुवार 25 अप्रैल को शुरू होंगे।

ये भी पढ़ें: जिस हैदराबाद सीट पर 40 साल से ओवैसी परिवार का कब्जा! वहां माधवी लता कैसे छुड़ा रही पसीने?

Advertisement

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 24 April 2024 at 19:41 IST