अपडेटेड 8 March 2024 at 16:47 IST
अखिलेश ने पल्लवी पटेल को लेकर खोले पत्ते, लोकसभा चुनाव में अतीक के गढ़ फूलपुर से आजमाएंगी किस्मत!
कभी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया करते थे। उनके बाद इस सीट पर बाहुबली नेता अतीक अहमद का कब्जा रहा।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर रण तैयार है सियासी बिसातें बिछनी शुरू हो गई हैं। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। वहीं अब विपक्षी दलों ने भी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान का नाम का ऐलान करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने अब तक जारी की गई तीन लिस्ट में कुल 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। वहीं अब चौथी लिस्ट में सपा जौनपुर की मछली शहर सीट से सपा विधायक रागिनी सोनकर तो सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल को अतीक अहमद के गढ़ रहे फूलपुर लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है।
फूलपुर लोकसभा सीट ऐतिहासिक सीटों में से आती है। कभी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया करते थे। वो इस सीट से तीन बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। उनके बाद इस सीट पर बाहुबली नेता अतीक अहमद का कब्जा रहा। अतीक के इस गढ़ से अब सपा पल्लवी पटेल को मैदान में उतार सकती है। वहीं बात करें जौनपुर की दूसरी लोकसभा सीट मछली शहर की तो इस बार इस सीट से सपा की मछली शहर विधानसभा से विधायक डॉ रागिनी सोनकर को लोकसभा उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतार सकती है।
फूलपुर से सभी दलों को मिल चुकी है जीत
अगर फूलपुर लोकसभा सीट पर बात करें तो यहां पर अबतक सबसे ज्यादा कांग्रेस ने 7 बार जीत हासिल की है उसके बाद सपा ने 5 बार जीत हासिल की है वहीं बसपा को भी साल 2009 में इस सीट पर जीत हासिल हुई थी। उसके बाद साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इस सीट पर जीत का परचम लहराया है। इस सीट पर कुर्मी वोटरों का दबदबा है इस वजह से सपा अगर पल्लवी पटेल को यहां से चुनावी मैदान में उतारती है तो उसके लिए ये सीट जीतना काफी आसान रहेगा।
मछली शहर में सपा-बसपा गठबंधन ने दी थी कड़ी टक्कर
बनारस और जौनपुर की विधानसभा सीटों को मिलाकर बनाई गई मछलीशहर लोकसभा सीट पर पिछले यानि कि साल 2019 में हुए चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला था। सपा-बसपा गठबंधन ने यहां बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी। बीजेपी इस सीट को महज 181 वोटों से ही जीत पाई थी। अबकी बार सपा अगर डॉ रागिनी को मैदान में उतारती है तो यहां से वो बीजेपी को कड़ी टक्कर दे सकती हैं। हालांकि पिछले बार के सपा-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार टी राम अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं और वाराणसी की अजगरा सीट से विधानसभा चुनाव सीट भी जीत चुके हैं।
Advertisement
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 8 March 2024 at 16:40 IST