रायबरेली या फिर वायनाड... कौन सी सीट का प्रतिनित्व करेंगे राहुल गांधी? खुद बताया

केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अभी तक यह निर्णय नहीं लिया है कि..

Rahul Gandhi
Rahul Gandhi | Image: PTI

केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने अभी तक यह निर्णय नहीं लिया है कि वह लोकसभा में किस सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह पूछे जाने पर कि वह लोकसभा में किस सीट का प्रतिनिधित्व करेंगे, गांधी ने कहा, ‘‘मैंने दोनों सीट से जीत हासिल की है और मैं रायबरेली एवं वायनाड के मतदाताओं को तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। अब मुझे तय करना है कि मैं किस सीट का प्रतिनिधित्व करूंगा। मैं (इस बारे में) चर्चा करूंगा और फिर फैसला करूंगा। मैं दोनों सीट का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता, लेकिन मैंने अभी तक फैसला नहीं किया है।’’

राहुल ने बाद में सोशल मीडया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए उन्हें मिले ‘‘भारी समर्थन’’ के लिए वायनाड और रायबरेली के लोगों को फिर से धन्यवाद दिया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझसे पूछा जा रहा है कि क्या मैं वायनाड से सांसद रहूंगा या रायबरेली से। मैं दोनों जगहों से सांसद रहना चाहता हूं। आप सभी को बधाई।’’

गांधी ने वायनाड सीट पर 3.6 लाख से अधिक मतों के अंतर से और रायबरेली सीट पर 3.9 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। ​​उन्होंने उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन के अच्छे प्रदर्शन के बाद राज्य के लोगों की ‘‘राजनीतिक समझदारी दिखाने’’ के लिए प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मतलब है कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने कमाल कर दिया है। कई राज्यों ने कमाल किया है, लेकिन उत्तर प्रदेश ने भारत की राजनीति को समझकर, संविधान पर खतरे को समझकर संविधान की रक्षा की है। मैं सभी राज्यों को धन्यवाद देना चाहता हूं लेकिन मैं उत्तर प्रदेश (के लोगों) से खासतौर पर कहना चाहता हूं कि आपने कांग्रेस पार्टी, ‘इंडिया’ गठबंठन का साथ दिया।’’गांधी ने राज्य में कड़ी मेहनत करने के लिए अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा को भी धन्यवाद दिया।

Advertisement

यह भी पढ़ें : हरियाणा के कुरुक्षेत्र से BJP उम्मीदवार नवीन जिंदल की जीत, बोले- मैं कुरुक्षेत्र के लोगों का प्यार..

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड