पीएम मोदी ने राजनीति की परिभाषा और संस्कृति बदली, आज होती है विकासवाद की बात- जेपी नड्डा
भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में राजनीति की परिभाषा बदल दी और आज विकासवाद की राजनीति होती है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Election: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में राजनीति की परिभाषा बदल दी है और आज विकासवाद की राजनीति होती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब व युवाओं से लेकर किसानों तक समाज के हर तबके की चिंता की है। नड्डा सोमवार शाम संगरिया (हनुमानगढ़) में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
मोदी के नेतृत्व में भारत की राजनीति बदली- नड्डा
उन्होंने कहा,‘‘आज भारत की राजनीति मोदी जी के नेतृत्व में बदल चुकी है। दस साल पहले राजनीति का जो ढर्रा हम देखा करते थे वो आज की राजनीति का तौर तरीका नहीं रह गया है।’’
Advertisement
उन्होंने कहा कि पहले के जमाने में सरकारें किसी विशेष जाति या वर्ग की बनकर रह जाती थीं, वह सरकारें सबकी सरकार नहीं होती थीं, वे अपने परिवार के लिये अपने समाज के लिये, अपने वर्ग के लिये और अपनी जाति के लिये काम करते थे।
मोदी ने राजनीति की परिभाषा और संस्कृति बदल दी - नड्डा
Advertisement
नड्डा ने कहा,‘‘चुनाव भी इस प्रकार से होता था जिसमें जातियां बहुत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती थीं,प्रत्याशी कौन है? अगड़ा है कि पिछड़ा?.. नहर के इस तरफ का है कि उस तरफ का है.. इस जिले का है कि उस जिले का... लोगों को बांट करके राजनीति और वोट बैंक की राजनीति करते थे।’’
उन्होंने कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की परिभाषा और राजनीति की संस्कृति बदल दी है। आज विकासवाद की राजनीति हो रही है और विकासवाद को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।’’