Published 14:49 IST, May 16th 2024

आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं: CM Yogi

योगी ने कहा,‘‘ हमें भटकना और बहकना नहीं है। हमें नि:संकोच और बेझिझक कमल खिलाने के अभियान के साथ जुड़ना है।’’

Follow: Google News Icon
  • share
UP CM Yogi | Image: PTI
Advertisement

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को दस वर्ष पहले देश के सामने पहचान और विश्वास का संकट होने का दावा करते हुए कहा कि तब हर एक व्यक्ति पर सुरक्षा का खतरा मंडरा रहा था एवं विकास कार्य ठप हो चुके थे क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ देश और दुनिया में आतंकी घटना होने पर उसके तार आजमगढ़ से जोड़े जाते थे और उसे बदनाम किया जाता था। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद- नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। ये सब मोदी की गारंटी से हुआ है।’’

ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां फरिया-निजामाबाद रोड के लालगंज लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहे। योगी ने आजमगढ़ के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ और लालगंज लोकसभा प्रत्याशी नीलम सोनकर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा ,‘‘आजमगढ़ को बदनाम करने वाले आज बेनकाब हो चुके हैं। आज आजमगढ़ वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज समेत कई जिलों से फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी के साथ जुड़ चुका है। पहले देश और दुनिया में लोग आजमगढ़ का नाम सुनते ही चौंक जाते थे। यहां के लोगों को देश और दुनिया में जाने में काफी समस्या होती थी क्योंकि वहां आजमगढ़ वासियों को होटल तो दूर धर्मशाला में भी कमरे नहीं मिलते थे।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज आजमगढ़वासियों का सम्मान बढ़ा है, उन्हें नई पहचान मिली है। यही वजह है कि पूरे देश में अबकी बार 400 पार की गूंज सुनायी दे रही है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पूरा देश एक स्वर में कह रहा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में रामलला विराजमान हो गये हैं। इससे हर देशवासी अभिभूत है। वह प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल का इंतजार कर रहा है।’’

Advertisement

योगी ने कहा,‘‘ हमें भटकना और बहकना नहीं है। हमें नि:संकोच और बेझिझक कमल खिलाने के अभियान के साथ जुड़ना है।’’ इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दारा सिंह चौहान, ओम प्रकाश राजभर, सांसद संगीता आजाद, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक आदि उपस्थित थे।

14:49 IST, May 16th 2024