अपडेटेड 23 April 2024 at 16:06 IST

मनमोहन सिंह का 18 साल पुराना वो बयान, जिसका जिक्र कर पीएम मोदी ने बना दिया बड़ा चुनावी मुद्दा

Manmohan Singh Speech : राष्ट्रीय विकास परिषद की 52वीं बैठक में दिया पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बयान चर्चा में है। पूर्व PM ने यह बयान 9 दिसंबर, 2006 को दिया था।

Follow : Google News Icon  
Manmohan Singh Speech
मनमोहन सिंह का 18 साल पुराना बयान बना चुनावी मुद्दा | Image: PTI

Lok Sabha Election 2024 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रव‍िवार को एक चुनावी रैली में दिया बयान चुनावी मुद्दा बन गया है। राजस्थान में पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा था कि अगर कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आती है, तो वह लोगों की संपत्ति लेकर मुसलमानों को बांट देगी। पीएम मोदी ने यह बात पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के एक बयान का हवाला देते हुए कही थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि देश के संसाधनों पर 'पहला हक' अल्पसंख्यक समुदाय का है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 2006 में दिए भाषण का हवाला देते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि ‘मनमोहन सिंह ने सरकार में रहते हिंदुओं से संपत्ति छीनकर मुसलमानों में बांटने की वकालत की थी।’ पीएम मोदी के इसी बयान पर बीजेपी जहां कांग्रेस पर हमलावर है, तो वहीं कांग्रेस नेता बार-बार सफाई दे रहे हैं। पीएम मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था- 'ये अर्बन नक्सल वाली सोच... मेरी माताओं-बहनों ये आपका मंगलसूत्र भी बचने नहीं देंगे। इस हद तक चले जाएंगे।'

क्या था मनमोहन सिंह का बयान?

अपने भाषण में पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 9 दिसंबर, 2006 को दिए बयान का हवाला दिया था। मनमोहन सिंह ने यह बयान विकास पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय विकास परिषद (NDC) की 52वीं बैठक को संबोधित करते हिए दिया था। मनमोहन सिंह के इस बयान को बिहार BJP ने भी X पर शेयर किया है। जिसमें पूर्व पीएम कह रहे हैं- 'हमें यह सुनिश्चित करने के लिए नई योजनाएं बनानी होंगी कि अल्पसंख्यक, विशेष रूप से मुस्लिम अल्पसंख्यक, विकास के लाभों में समान रूप से साझा करने के लिए सशक्त हों। संसाधनों पर उनका पहला दावा होना चाहिए।'

2006 में भी हुआ था विवाद

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस बयान का बीजेपी ने 2006 में भी जमकर विरोध किया था। अधिक विरोध होने पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को एक दिन बाद ही 10 दिसंबर को स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा था। इस स्पष्टीकरण में कहा गया था कि PM ने अपने बयान में अल्पसंख्यकों के सशक्तिकरण की बात की है, लेकिन इसे गलत संदर्भ में पेश किया गया।

Advertisement

PM मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान को कोट कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो लोगों की संपत्ति को मुसलमानों में बांट देगी। कांग्रेस का घोषणापत्र कह रहा है कि वे माताओं बहनों के सोने का हिसाब करेंगे, उसकी जानकारी लेंगे और फिर उस संपत्ति को बांट देंगे। उनको बांटेगे जिनके बारे में मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है।'

उन्होंने कहा, 'पहले जब उनकी सरकार थी, उन्होंने कहा था की 'देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्ठी करके किसको बांटेंगे? जिनके ज्यादा बच्चे हैं उनको बांटेंगे। घुसपैठियों को बांटेंगे। आपकी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाएगा? क्या आपको ये मंजूर है?' मोदी का इशारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 2006 में की गई विवादास्पद पहला हक टिप्पणी की ओर था।

Advertisement

हालांकि कांग्रेस के घोषणा पत्र में आर्थिक असमानताओं के मुद्दे पर प्रकाश डाला गया है और पार्टी ने जोर देकर कहा है कि इसमें किसी से कुछ लेकर बांटने की बात नहीं कही गई है और व्यापक सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना का समर्थन किया गया है।

ये भी पढ़ें: WFI के बृजभूषण शरण सिंह मामले में आया बड़ा अपडेट, आज आने वाला था फैसला; जानिए क्या हुआ

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 23 April 2024 at 16:06 IST