लोकसभा चुनावों के बीच पंजाब में कांग्रेस को डबल झटका, दो नेता भाजपा में शामिल

कांग्रेस की पंजाब इकाई के दो नेता शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बिट्टू भी शामिल हैं।

Follow : Google News Icon  
Tajinder Singh Bittu joins BJP
Tajinder Singh Bittu joins BJP | Image: ANI

कांग्रेस की पंजाब इकाई के दो नेता शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बिट्टू भी शामिल हैं। बिट्टू ने भाजपा में शामिल होने से कुछ घंटे पहले कांग्रेस से इस्तीफे की घोषणा की थी।

बिट्टू और कांग्रेस के दिवंगत नेता संतोख सिंह चौधरी की पत्नी करमजीत कौर चौधरी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। करमजीत कौर चौधरी ने पिछले साल अपने पति की मृत्यु के बाद जालंधर में लोकसभा उपचुनाव लड़ा था, लेकिन इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

बिट्टू ने संवाददाताओं से कहा कि 35 साल से अधिक समय तक पार्टी में रहने के बाद वह कांग्रेस में ‘‘घुटन’’ महसूस कर रहे थे। तावड़े ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इन नेताओं के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को बढ़ावा मिलेगा, खासकर पंजाब में जहां एक जून को मतदान होना है।

उन्होंने कर्नाटक के हुबली में एक कॉलेज परिसर में एक व्यक्ति द्वारा एक लड़की की हत्या को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य में उसकी सरकार उचित कार्रवाई नहीं कर रही है क्योंकि वह महिलाओं की नहीं बल्कि अपने वोट बैंक की रक्षा कर रही है।

Advertisement

कांग्रेस पार्षद की बेटी नेहा हिरेमथ की फैयाज खोंडुनाईक ने चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी थी। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इसे ‘‘लव जिहाद’’ का मामला बताया है। कांग्रेस ने हालांकि इस बात को खारिज किया है।

Advertisement

तावड़े ने कहा कि संदेशखालि मुद्दे पर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भी इसी तरह का रवैया अपनाया था क्योंकि उसने आरोपी शाहजहां शेख को कथित तौर पर बचाने के लिए काम किया था। भाजपा नेता ने कहा कि अपराध और अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता और अपराधियों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।

Published By :
Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड