स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के आगे कर दिया सरेंडर?चुनाव लड़ाने की तैयारी, किस सीट पर होगी दावेदारी

सूत्र बताते हैं कि स्वामी प्रसाद मौर्य फिर समाजवादी पार्टी का दरवाजा खटखटाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके लिए वो अखिलेश यादव से मिलने का समय मांग रहे हैं।

Akhilesh Yadav vs Swami Prasad Maurya
अखिलेश यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य | Image: ANI/File

Lok Sabha Election 2024 : करीब महीनेभर पहले समाजवादी पार्टी और कुछ वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ स्वामी प्रसाद मौर्य ने मोर्चा खोल दिया था। बाद में सपा से बगावत करके स्वामी प्रसाद ने अपनी अलग पार्टी भी बना डाली। अब महीनेभर बाद स्वामी प्रसाद मौर्य की तरफ से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हाथ मिलाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। कहा जा रहा है कि सनातन धर्म पर तीखी टीका टिप्पणी करने वाले मौर्य एक बार फिर अखिलेश यादव के साथ आ सकते हैं।

राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य फिर एक बार समाजवादी पार्टी का दरवाजा खटखटाते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अलग पार्टी बनाने से बात बनती नहीं दिख रही है, जिसके चलते स्वामी प्रसाद मौर्य अब अखिलेश यादव से मिलने का समय मांग रहे हैं। स्वामी ने हाल ही में विपक्ष के INDI गठबंधन को बिना किसी शर्त समर्थन की बात कही थी। मौर्य ने कहा था, 'आगामी लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी बिना किसी शर्त के भारत गठबंधन का समर्थन करेगी। हमें इंडिया एलायंस में भागीदारी मिले या न मिले, हम इंडिया एलायंस का समर्थन करेंगे।'

मौर्य के लिए अखिलेश ने खोले दरवाजे!

अखिलेश यादव भी स्वामी प्रसाद मौर्य के लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले रखने का संकेत दे रहे हैं। पिछले दिन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब स्वामी प्रसाद को लेकर सवाल पूछा गया तो अखिलेश ने कहा कि वो हमारी पार्टी कब छोड़ गए? अखिलेश की इस टिप्पणी के मायने मौर्य की सपा में वापसी के लिए संकेत के तौर पर निकाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में निरहुआ ने लगा डाली अखिलेश के 'वोटबैंक' में सेंध? निकले धर्मेंद्र यादव से दो कदम आगे

Advertisement

फरवरी में मौर्य ने छोड़ी थी सपा

मौर्य ने फरवरी 2024 में पहले समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। इसके साथ ही आरोप लगाए थे कि पार्टी के भीतर उनके बयानों का समर्थन नहीं किया जाता है। मौर्य ने आगे का फैसला अखिलेश यादव के ऊपर छोड़ दिया था। हालांकि कोई जवाब नहीं मिलने की स्थिति में स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में बड़ी रैली की थी और यहां से राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी का ऐलान किया था।

किस सीट पर होगी दावेदारी?

अटकलें हैं कि सपा में स्वामी की खिलाफत करने वाले सारे विधायक पहले ही सपा से विदा ले चुके हैं। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य जल्द समाजवादी पार्टी में वापसी कर सकते हैं और बदले में सपा उन्हें लोकसभा उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी कोई घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल सवाल ये है कि अगर स्वामी प्रसाद मौर्य की सपा में वापसी होती है तो पार्टी उन्हें किस सीट पर चुनाव लड़ाने वाली है?

Advertisement

यह भी पढ़ें: पंजाब से बंगाल-केरल तक... कांग्रेस के लिए कैसे चुनौती बन गए इंडी गठबंधन के सहयोगी दल?

Published By:
 Amit Bajpayee
पब्लिश्ड