'कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी', सरगुजा में PM मोदी का जोरदार हमला
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में विजय संकल्प शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इशारों-इशारों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

लोकसभा चुनाव 2024 का महारण जारी है। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है। इससे पहले सभी दलों की ओर से प्रचार-प्रसार जारी है। प्रधानमंत्री मोदी भी एक के बाद एक चुनावी रैली में विपक्ष के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं। बुधवार को पीएम छत्तीसगढ़ के सरगुजा में विजय संकल्प शंखनाद महारैली को संबोधित किया। इस दौरान वो कांग्रेस पर जमकर बरसे।
विजय संकल्प शंखनाद महारैली में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस संविधान बदलकर SC, ST, OBC का हक अपने वट बैंक को देना चाहती है। कांग्रेस के इरादे नेक नहीं हैं। इनके इरादे संविधान के अनुरूप नहीं हैं, सामाजिक न्याय के अनुरूप नहीं हैं। अगर आपके आरक्षण की कोई रक्षा कर सकता है, तो सिर्फ और सिर्फ भाजपा कर सकती है।
राहुल गांधी पर PM मोदी का तंज
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इशारों-इशारों में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मिडिल क्लास पर और ज्यादा टैक्स लगाना चाहिए। अब ये लोग इससे भी एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वो इनहेरिटेंस टैक्स लगाएगी, माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं, वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी। कांग्रेस का पंजा वो भी आपसे छीन लेगा। कांग्रेस का मंत्र है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।
कांग्रेस के घोषणापत्र पर क्या बोले PM मोदी?
कांग्रेस के घोषणापत्र पर पीएम मोदी ने कहा, जब कांग्रेस का घोषणापत्र आया, उसी दिन मैंने कह दिया था कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है। जब संविधान बन रहा था, तब बाबा साहेब आंबेडकर के नेतृत्व में तय किया गया था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने कभी इन महापुरुषों की बातों की परवाह नहीं की, संविधान की पवित्रता की परवाह नहीं की और ना ही बाबा साहेब आंबेडकर के शब्दों की परवाह की।
Advertisement
भारत आत्मनिर्भर बना, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी -PM मोदी
सरगुजा में विजय संकल्प शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जब मैं विकसित भारत कहता हूं, तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी इसलिए वो भारत में कांग्रेस और INDI गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं।