अपडेटेड 2 May 2024 at 15:40 IST
लोकसभा चुनाव: वरिष्ठ BJP नेता धमेंद्र प्रधान ने संबलपुर से नामांकन पत्र दाखिल किया
केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के संबलपुर से लोकसभा चुनाव के वास्ते नामांकन पत्र दाखिल किया।
- चुनाव न्यूज़
- 1 min read

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के संबलपुर से लोकसभा चुनाव के वास्ते नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रधान सुबह देवी का आशीर्वाद लेने समलेश्वरी मंदिर गये और फिर वहां से रोडशो निकालकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। उनका यह रोडशो दो घंटे का था। उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
प्रधान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘ओडिशा में परिवर्तन की मांग है और भाजपा राज्य में न केवल लोकसभा बल्कि विधानसभा चुनाव भी जीतने के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘400 पार’ का आह्वान किया है और मुझे विश्वास है कि भाजपा ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीट जीतेगी।’’
मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रधान 15 साल के अंतराल के बाद चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने उन्हें संबलपुर से प्रत्याशी बनाया है। संबलपुर पश्चिमी ओडिशा का केंद्र है। उन्होंने पिछला चुनाव में 2009 में भाजपा-बीजू जनता दल गठबंधन टूट जाने के बाद लड़ा था। वह उस साल विधानसभा चुनाव हार गये थे।
Advertisement
प्रधान 2000 में विधानसभा के लिए और 2004 में देवगढ़ सीट से लोकसभा के लिए चुने गये। वह 2012 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे और फिर 2018 में मध्य प्रदेश से वह उच्च सदन पहुंचे।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 2 May 2024 at 15:40 IST