अपडेटेड 5 June 2024 at 16:33 IST

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस ने मालवा क्षेत्र में चार, माझा में दो और दोआबा में एक सीट जीती

कांग्रेस ने एक बार फिर पंजाब के मालवा क्षेत्र में खुद को साबित किया है जो राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

Follow : Google News Icon  
congress
कांग्रेस | Image: pti

Lok Sabha Election Result: कांग्रेस ने एक बार फिर पंजाब के मालवा क्षेत्र में खुद को साबित किया है जो राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। पार्टी ने 2024 के आम चुनाव में इस क्षेत्र में चार लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पार्टी ने लुधियाना, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला लोकसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की जो पंजाब में मालवा क्षेत्र का हिस्सा हैं।

पंजाब में कांग्रेस ने जीती 7 सीट

लुधियाना और पटियाला सीट पर जीत महत्वपूर्ण है क्योंकि कांग्रेस इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपना गढ़ सुरक्षित करने में कामयाब रही। इन सीट से भाजपा ने रवनीत सिंह बिट्टू और परनीत कौर को मैदान में उतारा था जो पूर्व में कांग्रेस के साथ थे।

Advertisement

आम आदमी पार्टी के खाते में आईं 3 सीट

मालवा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) ने दो सीट- आनंदपुर साहिब और संगरूर से जीत हासिल की तथा सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के खाते में बठिंडा सीट आई।

Advertisement

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दो हत्यारों में से एक के बेटे एवं निर्दलीय उम्मीदवार सरबजीत सिंह खालसा ने फरीदकोट सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।

पंजाब में मालवा क्षेत्र को हमेशा सबसे बड़ा और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली क्षेत्र माना जाता है। इसमें आठ सीट- लुधियाना, बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट (सुरक्षित), फतेहगढ़ साहिब (सुरक्षित), पटियाला, आनंदपुर साहिब और संगरूर शामिल हैं।

मालवा क्षेत्र में राज्य के 117 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से 69 विधानसभा सीट हैं।

चन्नी ने भाजपा के सुशील रिंकू को हराया

दोआबा क्षेत्र में कांग्रेस ने जालंधर सुरक्षित संसदीय क्षेत्र में जीत हासिल की जहां से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भाजपा के सुशील रिंकू को 1.75 लाख मतों के अंतर से हराया।

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने होशियारपुर सुरक्षित सीट पर जीत हासिल की जो दोआबा क्षेत्र का हिस्सा है।

दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते

भाजपा अपना गढ़ मानी जाने वाली होशियारपुर सीट बचाने में नाकाम रही। होशियारपुर से आप उम्मीदवार राजकुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस की यामिनी गोमर को हराया। दोआबा क्षेत्र में अनुसूचित जाति समुदाय की एक बड़ी आबादी है।  कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गुरदासपुर से भाजपा के दिनेश बब्बू को हराया। असम की जेल में बंद कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह ने खडूर साहिब सीट से 1.97 लाख मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। खडूर साहिब निर्वाचन क्षेत्र में तीनों क्षेत्रों- माझा, मालवा और दोआबा के मतदाता हैं।

इसे भी पढ़ें: NDA को लेकर फैलाई जा रही अफवाह, हम सब एकसाथ; नरेंद्र मोदी तीसरी बार बनेंगे प्रधानमंत्री-रामदास आठवले

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 5 June 2024 at 16:33 IST