अपडेटेड 17 March 2024 at 13:14 IST
नोएडा में रोचक होगा लोकसभा चुनाव, भिड़ेंगे 2 नामी डॉक्टर्स; बीजेपी के डॉ. शर्मा Vs सपा के डॉ. नागर
दिल्ली से सटे नोएडा में इस बार दो डॉक्टर आमने सामने होंगे। भाजपा के डॉ महेश शर्मा के सामने सपा प्रत्याशी डॉ महेंद्र सिंह नागर होंगे।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Election Candidate: लोकसभा चुनाव 2024 में गौतम बुद्ध नगर सीट पर मुकाबला रोमांचक होगा। अस्पताल में मरीजों का मर्ज समझने वाले डॉक्टर मतदाताओं की नब्ज टटोलेंगे। सांसद महेश शर्मा के सामने होंगे सपा के महेंद्र नागर। ये सीट इंडी अलायंस गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी के पाले में आई है।
कभी कांग्रेस नेता रहे नागर अब सपा के हो चुके हैं। सपा की पांचवीं लिस्ट में उनके नाम का ऐलान हुआ। सपा ने 16 मार्च को छह उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की जिसमें नागर का नाम था।
अखिलेश का जताया आभार
सपा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद महेंद्र सिंह नागर ने कहा, "पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गौतम बुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार के रूप में चुने जाने पर मैं भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं... मैं पिछले 25 वर्षों से सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित हूं और जनता का वोट जीतने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ूंगा।"
कांग्रेस से किया स्विच
महेंद्र सिंह नागर 2006-2016 तक गौतम बुद्ध नगर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद पर रहे। गुर्जर समाज से आते हैं और मिलख लच्छि गांव से नाता है। गाजियाबाद स्थित राजनगर में रहते हैं और लोहिया नगर में 'नागर हॉस्पिटल' के नाम का अस्पताल भी चलाते हैं। महेंद्र सिंह नागर एक योग्य डॉक्टर हैं जो राजनीति में 1999 से सक्रिय हैं। कांग्रेस पार्टी से सियासी पारी की शुरुआत करने वाले नागर 2022 में सपा के हो गए थे।
Advertisement
महेश शर्मा हैं सामने
महेश शर्मा भी पेशे से चिकित्सक हैं। शर्मा 2019 और 2014 में इस सीट से जीते थे। इससे पहले 2009 में बसपा के सुरेंद्र सिंह नागर से हार का सामना करना पड़ा था। सुरेंद्र सिंह बाद में भाजपा में चले गए और वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं। 2 मार्च शुरुआत में बीजेपी ने महेश शर्मा की उम्मीदवारी का ऐलान किया था। शनिवार को घोषित चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, गौतम बौद्ध नगर में चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। 7 चरणों में चुनाव होंगे। 19 अप्रैल को फर्स्ट फेज के लिए मत डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
ये भी पढ़ें- 'पढ़े लिखे केजरीवाल का कानूनी ज्ञान जीरो', ईडी के 9वें समन पर बांसुरी स्वराज ने सवाल पूछ दी नसीहत!
Advertisement
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 17 March 2024 at 13:14 IST