अपडेटेड 3 May 2024 at 10:29 IST
राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव, अमेठी से केएल शर्मा उम्मीदवार; आ गई कांग्रेस की लिस्ट
कांग्रेस ने 2 नामों की लिस्ट जारी कर दी है। वायनाड के बाद राहुल गांधी अमेठी छोड़ रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Election 2024 Congress Nomination: कांग्रेस ने 2 नामों की लिस्ट जारी कर दी है। वायनाड के बाद राहुल गांधी अमेठी छोड़ रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने एक्स पर इसकी पुष्टि की। लिखा- 'केंद्रीय चुनाव समिति' की बैठक में लोकसभा चुनाव, 2024 के लिए श्री @RahulGandhi को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से और श्री किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित किया गया है।
खत्म हुआ सस्पेंस
आखिरकार कांग्रेस ने सस्पेंस खत्म कर दिया। सभी अटकलों, कयासों को दरकिनार करते हुए सोनिया गांधी के साथ लंबे समय से जुड़े केएल शर्मा को टिकट थमा दिया। अमेठी और रायबरेली सीट से कांग्रेस कैंडिडेट के नाम आने शुरू हो गए थे। बातें प्रियंका और राहुल की सीटों में अदला बदली को लेकर हो रही थी। सोशल मीडिया पर कयासबाजियों के बीच सुबह 7.50 मिनट पर कांग्रेस ने पुख्ता लिस्ट जारी कर दी। स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस पार्टी ने स्मृति ईरानी के सामने अमेठी लोकसभा सीट से के. एल. शर्मा को उतारा है। दूसरी ओर सोनिया गांधी की सीट रायबरेली से राहुल गांधी मैदान में हैं।
के एल शर्मा कौन?
केएल शर्मा भूतपूर्व पीएम राजीव गांधी के मित्र रहे हैं और इस तरह गांधी फैमिली के खास भी हैं। सोनिया जब रायबरेली सांसद थीं तो वह उनके सांसद प्रतिनिधि हुआ करते थे। किशोरी लाल काफी समय से अमेठी- रायबरेली दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस का कामकाज देख रहे हैं। दो दिन पहले जब मीडिया ने उनसे अपडेट पूछा था तो उन्होंने कहा था कि सारी तैयारियां हो गई हैं। ऐलान जल्द होगा।
सस्पेंस पर सवाल किया तो खड़गे बोले...
हाल ही में कांग्रेस सीईसी यानि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। जिसमें फैसला शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इसे लेकर हाल ही में मीडिया ने सवाल किया तो जवाब दिया- रायबरेली और अमेठी में आपको कुछ आश्चर्य हो सकता है।' इस बीच कांग्रेस ही नहीं बल्कि इंडी अलायंस के साथी समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी ऐसा ही कुछ कहा था। कन्नौज में अपनी दावेदारी का ऐलान करने के बाद राहुल को लेकर भी संकेत दिए थे।
Advertisement
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 3 May 2024 at 08:05 IST