अपडेटेड 2 May 2024 at 19:32 IST

शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी... कौन हैं करण भूषण सिंह? जो कैसरगंज से संभालेंगे पिता बृजभूषण की विरासत

बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे करण भूषण डबल ट्रैप शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस मैनेजमेंट का डिप्लोमा हासिल किया है।

Follow : Google News Icon  
Karan Bhushan Singh
कौन हैं करण भूषण सिंह? | Image: Facebook

Brij Bhushan Sharan Singh : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश की बहुचर्चित कैसरगंज लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह (Karan Bhushan Singh) को उम्मीदवार घोषित किया है। बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं। करण भूषण सिंह बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे हैं। कैसरगंज सीट पर पहले से आशंका जताई जा रही थी कि बृजभूषण शरण सिंह के बेटे को टिकट दिया जा सकता है।

महिला पहलवानों ने कुश्ती संघ के तत्कालीन अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। बृजभूषण पर लगे आरोपों के बाद उनके टिकट कटने की अटकलें थीं, लेकिन बृजभूषण शरण सिंह की चुनावी तैयारियों को देखते हुए पार्टी उनके खिलाफ फैसला लेने में हिचक रही थी। अब बीजेपी ने इस सीट पर बीच का रास्ता निकाल कर बेटे करण भूषण सिंह को टिकट दिया है।

विदेश से की है पढ़ाई

बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे करण भूषण डबल ट्रैप शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस मैनेजमेंट का डिप्लोमा हासिल किया है। 
करण भूषण सिंह वर्तमान में यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इसी साल फरवरी में उन्हें यूपी कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया था। करण भूषण का यह पहला चुनाव है। इससे पहले उनके बड़े भाई प्रतीक भूषण ने बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था।

बृजभूषण इतने अहम क्यों ?

पूर्वांचल की राजनीति में बृजभूषण शरण सिंह की बड़ी धाक है। कैसरगंज लोकसभा सीट अयोध्या से सटी हुई है। यहां के चुनाव परिणाम का देश में संदेश जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह अब तक 6 बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। वो दो बार गोण्डा, एक बार बहराइच और कैसरगंज लोकसभा सीट से लगातार तीन बार के सांसद हैं। देवीपाटन मंडल के जिलों में उनका सियासी असर है। विधानसभा-लोकसभा चुनाव में बेहद एक्टिव रहते हैं और अवध की कई विधानसभा सीटों पर सीधा दखल रखते हैं। जनता से सीधा संवाद और सक्रियता उनकी ताकत है।

Advertisement

बृजभूषण शरण सिंह ने अपने करीबी को गोंडा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया है। पत्नी केतकी सिंह भी एक बार लोकसभा सांसद रहीं हैं। बेटे प्रतीक भूषण दो बार से गोंडा सीट से विधायक हैं और खुद 12 साल तक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे हैं। अब उनके करीबी संजय सिंह कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। 

ये भी पढे़ं: फैसले से पहले मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी ने चला बड़ा दांव, बेटी नुसरत के लिए बिछाई सियासी बिसात

Advertisement

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 2 May 2024 at 18:57 IST