Lok Sabha Election: JMM नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान के लिए मांगी माफी
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता नजरुल इस्लाम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक बयान देने को लेकर बुधवार को माफी मांग ली।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Election: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता नजरुल इस्लाम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक बयान देने को लेकर बुधवार को माफी मांग ली और कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही भाजपा की झारखंड इकाई ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर नजरुल इस्लाम को गिरफ्तार किए जाने की मांग की थी।
इस्लाम को एक वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि चुनाव में 400 सीट जीतने के बजाय प्रधानमंत्री ‘‘400 फुट नीचे दफनाए जाएंगे।’’
झामुमो नेता ने एक वीडियो बयान में कहा, ‘‘एक राजनीतिक भाषण के दौरान मैं प्रधानमंत्री के 400 सीट जीतने के दावे के खिलाफ बोल रहा था। मेरे कहने का मतलब यह था कि उन्हें (भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को) 400 सीट नहीं मिलेंगी और वे सत्ता से बाहर हो जाएंगे।’’
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक पढ़ा-लिखा व्यक्ति और प्रोफेसर हूं। मैं प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसे शब्द नहीं बोल सकता। लेकिन, अगर किसी कारण से मेरी बातों से किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।’’
इस्लाम ने रविवार को साहिबगंज में एक जनसभा में प्रधानमंत्री के खिलाफ यह टिप्पणी की थी। भाजपा की साहिबगंज इकाई ने बुधवार को इस्लाम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। झामुमो ने कहा कि पार्टी किसी नेता की ऐसी टिप्पणी का समर्थन नहीं करती।
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)