Advertisement

Updated April 19th, 2024 at 12:40 IST

लोस चुनाव के पहले चरण में 102 सीट पर मतदान जारी, नेताओं की लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को देश भर में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 102 सीटों पर मतदान जारी है।

Lok Sabha Election 2024
लोकसभा चुनाव | Image:PTI
Advertisement

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को देश भर में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 102 सीटों पर मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने खासतौर से युवा और पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट करने का आह्वान किया।

Advertisement

मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

निर्वाचन आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

Advertisement

मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं हैं और 11,371 लोग थर्ड जेंडर के हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं।

मतदान शुरू होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाताओं से सावधानीपूर्वक मतदान करने का अनुरोध किया और कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण तथा समान अवसरों का एक नया युग उनका स्वागत कर रहा है।

Advertisement

लोगों से बाहर निकलने और बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई आज से शुरू हो रही है।’’

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने और नफरत को हराकर देश के हर कोने में ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने का अनुरोध किया।

Advertisement

राहुल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज पहले चरण का मतदान है। याद रहे, आपका एक-एक वोट भारत के लोकतंत्र और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करने जा रहा है। इसलिए बाहर निकलिए और पिछले 10 साल में देश की आत्मा को दिए गए ज़ख्मों पर अपने ‘वोट का मरहम’ लगाकर लोकतंत्र को मज़बूत कीजिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नफ़रत को हरा कर खोल दीजिए हर कोने में ‘मोहब्बत की दुकान’।’’

Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों से ऐसा मजबूत और निर्णायक नेतृत्व चुनने की अपील की जिसने देश को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण से मुक्त कराने का दृढ़ संकल्प दिखाया हो।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि असम की पांच लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू होने के पहले दो घंटे में 11.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि पश्चिम बंगाल में तीन लोकसभा सीटों पर 15 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

Advertisement

मेघालय के मुख्यमंत्री सी. के संगमा ने तुरा लोकसभा क्षेत्र में वालबाकग्रे में सुबह-सुबह मतदान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में नगरा तेराई मतदान केंद्र में सुबह-सुबह मतदान किया।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने भी दो लोकसभा सीटों और 50 विधानसभा सीटों पर मतदान के तहत अपने-अपने पैतृक गांवों में मतदान किया।

Advertisement

संगमा खुद कार चलाकर मतदान केंद्र तक पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सबसे पहले मतदान करने की उम्मीद से सुबह साढ़े छह बजे बूथ पर पहुंच गया। लेकिन मुझे यह सुखद आश्चर्य हुआ कि वहां मेरे से पहले आए कई लोग मौजूद थे। यह एक स्वस्थ प्रवृत्ति है। मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।’’

रीजीजू ने बिचोम जिले में अपने गांव नफरा में मतदान किया जबकि खांडू ने तवांग जिले के मुक्तो निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया।

Advertisement

पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं।

इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।

Advertisement

पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीट के लिए भी एक साथ मतदान हो रहा है।

पहले चरण में चुनावी मैदान में उतरे प्रमुख नेताओं में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सर्बानंद सोनोवाल, कांग्रेस से गौरव गोगोई और द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम से कनिमोई शामिल हैं। तमिलनाडु में भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे के. अन्नामलई भी पहले चरण के उम्मीदवारों में शामिल हैं।

Advertisement

गडकरी और सोनोवाल के अलावा सात अन्य केंद्रीय मंत्री - भूपेंद्र यादव, किरेन रीजीजू, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, एल मुरुगन और निसिथ प्रमाणिक भी पहले चरण में चुनावी मैदान में हैं।

दो पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा) और नबाम तुकी (अरुणाचल प्रदेश) तथा तेलंगाना के राज्यपाल पद से इस्तीफा देकर सक्रिय राजनीति में लौटीं तमिलिसाई सौंदरराजन भी चुनावी मैदान मे हैं। सौंदरराजन भाजपा के टिकट पर चेन्नई दक्षिण से चुनाव लड़ रही हैं।

Advertisement

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने बृहस्पतिवार को लोगों से मतदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने लोगों को उनके मत के महत्व की याद दिलाते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण हैं जब एक मत किसी महत्वपूर्ण मुकाबले में अहम होता है।

Advertisement

Published April 19th, 2024 at 12:40 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

13 घंटे पहलेे
1 दिन पहलेे
1 दिन पहलेे
1 दिन पहलेे
2 दिन पहलेे
2 दिन पहलेे
4 दिन पहलेे
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo