'भारत तेरे टुकड़े होंगे', कन्हैया कुमार पर भड़के मनोज तिवारी, बोले- गूगल पर उनका नाम सर्च करोगे तो..
बीजेपी सांसद और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने एक बार फिर से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार पर निशाना साधा है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार पर जोरदार हमला किया है। भाजपा सांसद तिवारी ने कहा कि हमारे सामने जो व्यक्ति चुनाव लड़ रहे हैं, जैसे ही आप उनका नाम गूगल पर लिखेंगे तो आपको एक नारा सुनाई देगा, 'भारत तेरे टुकड़े होंगे'।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "आप जैसे ही उनका नाम लिखेंगे आपको नारा सुनाई देगा कितने अफजल मारोगे, हर घर से अफजल निकलेगा। आप जैसे ही उनका नाम गूगल पर डालेंगे, उनका एक डायलॉग आएगा...भारत की सेना उसके बाद मैं नहीं बोल सकता कि वो भारत की सेना के लिए क्या बोलते हैं।"
मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना
भाजपा सांसद ने कांग्रेस को भी घेरे में लिया और कहा, "जिस व्यक्ति को कांग्रेस ने यहां से प्रत्याशी बनाया है वो भारतीय सेना को बलात्कारी बोलता है। इन सारी चीजों को याद रखना होगा। ये भी याद रखना होगा, आम आदमी पार्टी यहां से भागी क्यों? ये भी याद रखना होगा कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में रखा क्या है।"
लगातार तीसरी बार पूर्वी दिल्ली की सीट से मैदान में मनोज तिवारी
बता दें, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार बदले हैं, लेकिन मननोज तिवारी एक मात्र उम्मीदवार हैं, जिनको पार्टी ने फिर से टिकट दी है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी दिल्ली में लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं। इनके पास कुल 28.05 करोड़ की संपत्ति है। वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार के पास 10.65 लाख रुपये की संपत्ति है। उन्होंने 2019 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पीएचडी की है।
Advertisement
दिल्ली में 25 मई को होगी वोटिंग
दिल्ली में छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 मई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मई है। देशभर में इस बार कुल 7 चरणों में लोकसभा चुनाव कराए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: LIVE UPDATES/ Lok Sabha Election: 96 लोकसभा सीटों पर चौथे चरण की वोटिंग शुरू, आंध्र प्रदेश की सभी सीटों पर मतदान आज