अपडेटेड 25 May 2024 at 12:32 IST

हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी, जानिए शुरुआती दो घंटे में हुई कितनी वोटिंग

सैनी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला जिले के नारायणगढ़ में अपने पैतृक गांव मीरजापुर माजरा में वोट डाला।

Follow : Google News Icon  
Voting
हरियाणा में शुरुआती 2 घंटे में 8.31 फीसदी वोटिंग | Image: PTI

चंडीगढ़, 25 मई (भाषा) हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान शुरुआती दो घंटों में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। करनाल विधानसभा सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि राज्य में 2,00,76,768 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 94,23,956 महिलाएं और 467 ‘ट्रांसजेंडर’ मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे में भिवानी-महेंद्रगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 10.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद में सबसे कम 5.46 प्रतिशत मतदान हुआ।

वोटिंग के 2 घंटे बाद इन जगहों पर इतनी वोटिंग

अंबाला में 6.92 प्रतिशत, गुरुग्राम में 6.20 प्रतिशत, हिसार में 7.44 प्रतिशत, करनाल में 9.29 प्रतिशत, कुरुक्षेत्र में 9.92 प्रतिशत, रोहतक में 10.22 प्रतिशत, सिरसा में 9.81 प्रतिशत और सोनीपत में 9.33 प्रतिशत मतदान हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के आम चुनाव में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। हरियाणा में मतदाता खट्टर, दो केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला करेंगे। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे शुरू हुआ जो छह बजे तक जारी रहेगा। खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उन मतदाताओं में शामिल रहे जिन्होंने अपने-अपने मतदान केंद्र पर सबसे पहले मतदान किया।

सीएम सैनी ने अपने पैतृक गांव में डाला वोट

सैनी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंबाला जिले के नारायणगढ़ में अपने पैतृक गांव मीरजापुर माजरा में वोट डाला। खट्टर ने करनाल के प्रेम नगर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सैनी ने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सैनी, खट्टर और विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

Advertisement

 ‘लोकतंत्र के त्योहार’ में भाग लेने के लिए खट्टर ने की अपील

लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा तथा दीपेंद्र सिंह हुड्डा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार खट्टर का मुकाबला हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा से है। खट्टर ने करनाल में कहा कि सभी को ‘लोकतंत्र के त्योहार’ में भाग लेने के लिए आगे आना चाहिए। उपचुनाव में कांग्रेस के तरलोचन सिंह की चुनौती का सामना कर रहे सैनी ने हर पात्र मतदाता से वोट डालने की अपील की। सैनी ने अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और हरियाणा भी भाजपा सरकार में विकास के पथ पर आगे बढ़ा है। हरियाणा में ज्यादातर सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है। हिसार जैसी सीट पर बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना हैं।

रणजीत सिंह का मुकाबले सुनैना चौटाला से 

हिसार लोकसभा क्षेत्र में बिजली मंत्री एवं भाजपा नेता रणजीत सिंह चौटाला का मुकाबला चौटाला परिवार के दो सदस्यों जननायक जनता पार्टी (जजपा) की नैना चौटाला और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की सुनैना चौटाला से है। पानीपत में पहली बार मतदान कर रहे एक मतदाता ने कहा, ‘युवा देश की रीढ़ हैं और सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र के इस त्योहार में भाग लेना चाहिए।’ रणजीत सिंह चौटाला और उनके परिवार के सदस्यों ने सिरसा जिले में अपना वोट डाला। जजपा प्रमुख अजय सिंह चौटाला और उनकी पत्नी नैना चौटाला ने भी अपने बेटों - पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के साथ वोट डाला।

Advertisement

अजय सिंह चौटाला ने रणजीत सिंह के पैर छूकर लिया आशीर्वाद 

मतदेय स्थल पर अजय सिंह चौटाला ने अपने चाचा रणजीत सिंह चौटाला के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। नैना चौटाला ने पत्रकारों से कहा कि जैसे बच्चों के लिए बोर्ड परीक्षाएं होती हैं, वैसे ही नेताओं के लिए चुनाव होते हैं। हिसार के आदमपुर में भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेणुका बिश्नोई और उनके बेटे एवं विधायक भव्य बिश्नोई ने वोट डाला। भाजपा ने उद्योगपति एवं कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता और इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला से है।

राव इंद्रजीत सिंह से राज बब्बर तक की किस्मत दांव पर

केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर क्रमशः गुरुग्राम और फरीदाबाद सीट से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता राज बब्बर को गुरुग्राम से मैदान में उतारा है। सिरसा से कांग्रेस की कुमारी सैलजा और भाजपा के अशोक तंवर चुनाव लड़ रहे हैं। रोहतक में दीपेंद्र सिंह हुड्डा का मुकाबला भाजपा के अरविंद शर्मा से है। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 25 May 2024 at 12:32 IST