Exit Poll दिखा देने पर एक्शन में ECI, ओडिशा के निजी चैनल पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
एग्जिट पोल समय से पहले दिखाने पर ईसीआई ने ओड़िया चैनल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Exit Poll 2024: चुनाव के बीच एग्जिट पोल टेलिकास्ट करने वाले ओडिया चैनल नंदीघोष टीवी के खिलाफ चुनाव आयोग ने तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कानूनन एग्जिट पोल का प्रसारण 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे से 1 जून शाम 6:30 बजे तक प्रतिबंधित है।
ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव 13 मई से 1 जून तक चार चरणों में एक साथ हो रहे हैं। मतगणना 4 जून को होगी। इसके अलावा 42 विधानसभा क्षेत्रों में 25 मई को वोटिंग हुई थी। 4 जून को काउंटिंग होगी।
क्या कहा ECI ने ?
भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी को ओडिशा में एग्जिट पोल के नतीजों के प्रसारण के मौजूदा प्रावधानों के अनुसार नंदीघोष टीवी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आरपी अधिनियम 1951 की धारा 126 ए के तहत एग्जिट पोल प्रतिबंधित हैं। ईसीआई ने 28 मार्च, 2024 के अपने आदेश के तहत 19 अप्रैल, 2024 (सुबह 7 बजे) से 1 जून, 2024 (शाम 6:30 बजे) तक की प्रतिबंधित अवधि अधिसूचित की थी।
नवीन पटनायक अगर जीते तो रचेंगे इतिहास
77 साल के नवीन पटनायक अगर जीतते हैं तो इतिहास रच डालेंगे। 2000 से ही ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। जीत का छक्का लगाने की कोशिश में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव 2019 में बीजद ने 146 में से 113 सीटों पर कब्जा जमाया था। भाजपा के हाथ 23 तो कांग्रेस को नौ सीट पर संतोष करना पड़ा था।
Advertisement
सीधा मुकाबला बीजेपी और बीजद के बीच
2019 के लोकसभा चुनावों में बीजद ने चुनावी जीत का बड़ा हिस्सा हासिल किया था। 21 में से बीजद को 12 और भाजपा को 8 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। तो कांग्रेस को एक सीट ही मिली थी। इस बार बीजेपी ने ताकत झोंक दी है। जीत की सीटें बढ़ाने को लेकर ताबड़तोड़ प्रचार किया गया है। राज्य के अहम मुद्दों को उठाते हुए डबल इंजन की सरकार के फायदे गिनाए हैं। जगन्नाथ मंदिर खजाने की चाभी, बाहरी बनाम ओड़िया और सीएम की सेहत की साजिश चुनाव के अंतिम राउंड में सुर्खियां बटोरे रहा।
ये भी पढ़ें- 'मोदी चुप है तो शुक्र मनाइए, बोलेगा तो इनकी 7 पीढ़ी का पाप खोलकर...', विपक्ष पर PM Modi का वार