अपडेटेड 20 April 2024 at 20:55 IST

'पहले चरण में कांग्रेस-सपा का हो गया सूपड़ा साफ', मथुरा में अमित शाह की दहाड़

अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव पहले चरण में कांग्रेस-सपा का सूपड़ा साफ हो गया है।

Follow : Google News Icon  
Amit Shah
अमित शाह | Image: @bjp4india/x

Lok Sabha Election: केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव पहले चरण में कांग्रेस-सपा का सूपड़ा साफ हो गया है। इस चरण में उत्तर प्रदेश में लोकसभा की आठ सीट पर मतदान हुआ।

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीट- सहारनपुर, बिजनौर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना (आरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में शुक्रवार को मतदान हुआ।

पहले चरण में कांग्रेस-सपा का सूपड़ा साफ- शाह

शाह यहां वृंदावन में भाजपा उम्मीदवार व सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ''पूरे देश में लोकसभा का चुनाव हो रहा है। पहले चरण का मतदान हो चुका है। मैं पहले चरण का परिणाम बताऊं आपको, किसी को बताना मत तो बताऊं- पहले चरण में कांग्रेस-सपा का सूपड़ा साफ हो गया है।''

Advertisement

शाह की सभा से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेरठ की सभा में राज्य में पहले चरण के मतदान से माहौल बदलने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा की फिल्म पहले दिन पहले शो में ही ‘फ्लॉप’ हो गयी है।

पश्चिम से चलने वाली हवा ने दृश्य बदल दिया- शाह

Advertisement

यादव ने मेरठ में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पश्चिम से चलने वाली हवा ने दृश्य बदल दिया है, न केवल उनकी (भाजपा) फिल्म ‘फ्लॉप’ हुई है बल्कि कोई भी उनकी घिसी पिटी कहानी या संवाद नहीं सुनना चाहता है। कोई भी उन्हें वोट नहीं देना चाहता।’’

वृंदावन होते हुए काशी तक कमल खिलाना है- शाह

मथुरा में शाह ने मतदाताओं को उत्साहित करते हुए कहा, ‘‘दूसरे चरण में इसी यात्रा को आगे निकाल कर उत्तर प्रदेश की जनता को वृंदावन होते हुए काशी तक कमल को विजयी बनाना है।''

विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा, ''एक ओर 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले, घपले, भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी है और दूसरी ओर ऐसे नरेन्‍द्र मोदी हैं जिन्होंने 23 साल तक मुख्यमंत्री रहकर शासन किया परंतु उन पर चार आने के भ्रष्‍टाचार का आरोप भी नहीं है।''

शाह ने कहा, ''दो खेमे पड़े हैं। दो खेमे तय हैं। एक ओर गरीब के घर में पैदा हुए हमारे नेता नरेन्‍द्र मोदी हैं और दूसरी ओर चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए राहुल बाबा हैं। दोनों के बीच में आपको तय करना हैं।''

26 अप्रैल को मथुरा में वोटिंग

सभा में शाह के साथ राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रमुख जयंत चौधरी ने मंच साझा किया और हेमा मालिनी के लिए वोट की अपील की। दूसरे चरण में मथुरा, अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ में 26 अप्रैल को मतदान होना है।

इसे भी पढ़ें : केरल के मुख्यमंत्री ने समझौता कर रखा है, केवल राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाना बनाते हैं: प्रियंका

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 20 April 2024 at 20:55 IST