टिकट कटने और बेटे को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बृजभूषण सिंह की पहली प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा

छोटे बेटे को टिकट मिलने के बाद बृजभूषण सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। करण भूषण को टिकट मिलने के बाद उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Follow : Google News Icon  
Brij Bhushan Sharan Singh
टिकट कटने के बाद बृजभूषण सिंह की पहली प्रतिक्रिया | Image: Facebook

Brij Bhushan Sharan Singh : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पिछले कुछ सप्ताह से जारी अटकलों पर गुरुवार को विराम लगाते हुए कैसरगंज लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया और उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को इस सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अब छोटे बेटे को टिकट मिलने के बाद बृजभूषण सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। बेटे को टिकट मिलने के बाद उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। करण भूषण पर भरोसा जताने पर उन्होंने पार्टी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि करण भूषण सिंह कल नामांकन दाखिल करेंगे।

बृजभूषण इतने अहम क्यों?

पूर्वांचल की राजनीति में बृजभूषण शरण सिंह की बड़ी धाक है। कैसरगंज लोकसभा सीट अयोध्या से सटी हुई है। यहां के चुनाव परिणाम का देश में संदेश जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह अब तक 6 बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। वो दो बार गोण्डा, एक बार बहराइच और कैसरगंज लोकसभा सीट से लगातार तीन बार के सांसद हैं। देवीपाटन मंडल के जिलों में उनका सियासी असर है। विधानसभा-लोकसभा चुनाव में बेहद एक्टिव रहते हैं और अवध की कई विधानसभा सीटों पर सीधा दखल रखते हैं। जनता से सीधा संवाद और सक्रियता उनकी ताकत है।

बृजभूषण शरण सिंह ने अपने करीबी को गोंडा का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया है। पत्नी केतकी सिंह भी एक बार लोकसभा सांसद रहीं हैं। बेटे प्रतीक भूषण दो बार से गोंडा सीट से विधायक हैं और खुद 12 साल तक भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे हैं। अब उनके करीबी संजय सिंह कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं।

Advertisement

कौन हैं करण भूषण सिंह?

बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे करण भूषण डबल ट्रैप शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस मैनेजमेंट का डिप्लोमा हासिल किया है। 
करण भूषण सिंह वर्तमान में यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इसी साल फरवरी में उन्हें यूपी कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया था। करण भूषण का यह पहला चुनाव है। इससे पहले उनके बड़े भाई प्रतीक भूषण ने बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था।

ये भी पढ़ें: शूटिंग के नेशनल खिलाड़ी... कौन हैं करण भूषण सिंह? जो कैसरगंज से संभालेंगे पिता बृजभूषण सिंह की विरासत

Advertisement
Published By :
Sagar Singh
पब्लिश्ड