अपडेटेड 19 May 2024 at 15:16 IST

भाजपा को जालौन में लगातार तीसरी जीत हासिल करने में मोदी और आदित्यनाथ के 'विकास' पर भरोसा

डकैतों और माफियाओं की शरण स्थली के रूप में कुख्यात रहे जालौन लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए भाजपा को मोदी और योगी के 'विकास' पर भरोसा।

Follow : Google News Icon  
PM Modi says Article 370 buried in 'kabristan'
PM Modi says Article 370 buried in 'kabristan' | Image: PTI

डकैतों और माफियाओं की शरण स्थली के रूप में कुख्यात रहे जालौन लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून-व्यवस्था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों पर भरोसा कर रही है।

हालांकि, विपक्ष दल भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाता रहा है।

समाजवादी पार्टी के एक नेता का कहना है कि भाजपा गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाकर सपा के बारे में "झूठ" फैला रही है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सराहना करते हुए कहा कि " यादव लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।"

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने निर्वाचन क्षेत्र में हाल ही में एक चुनावी रैली के दौरान कहा था , "जालौन बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करता है। एक दशक पहले इसकी स्थिति क्या थी? समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने बुन्देलखण्ड को माफिया के हवाले कर दिया, इसके संसाधनों को खत्म कर दिया और क्षेत्र में अराजकता फैल गई।''

Advertisement

उन्होंने कहा, ''इससे विकास बाधित हो गया, जिससे युवाओं का पलायन हुआ, किसानों ने आत्महत्याएं कीं और यहां तक कि उद्योगपति और महिलाएं भी डर में जी रहे थे।''

कुछ स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं के अनुसार, यह क्षेत्र - जिसमें "दस्यु सुंदरी " फूलन देवी का पैतृक खेदपुर गुढ़ा गांव भी शामिल है - समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारों के दौरान डकैतों के डर से कांपता था। लोग खुद को बचाने के लिए हथियार रखते थे।

Advertisement

कालपी विधानसभा क्षेत्र के लोगों का कहना है कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान डकैतों का इतना डर था कि लोग शाम के बाद बाहर निकलने की हिम्मत नहीं करते थे। कालपी के राम दयाल कहते हैं, ''आदित्यनाथ सरकार ने युवाओं को अपना भविष्य बनाने के लिए ''किताब और कलम'' दी है।

उरकारा कला गांव के हरदेव सिंह और सतरहजू गांव के महेंद्र सिंह ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए।

भाजपा "मोदी-योगी" फैक्टर पर भरोसा करते हुए जालौन सीट(आरक्षित)से चुनाव जीतने को लेकर आश्वस्त है।

भाजपा ने भानु प्रताप वर्मा को फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जो लोकसभा में लगातार तीसरी बार पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

सीट पर भाजपा का दबदबा तोड़ने की उम्मीद करते हुए, समाजवादी पार्टी ने नारायण दास को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी ने सुरेश चंद्र गौतम को उम्मीदवार बनाया है।

बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित जालौन में 20 मई को मतदान होना है। लोगों को डबल इंजन सरकार के फायदों के बारे में जागरुक करने के अलावा, भाजपा के नेता समाजवादी पार्टी के शासन के "काले दिनों" का जिक्र कर रहे हैं।

भाजपा के किसान मोर्चा के जिला नेता सूर्य नाइक कहते हैं, ''अब, किसी गुंडे या माफिया का कोई डर नहीं है... लोग देर रात तक भी बाहर रह सकते हैं।''

वहीं भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के चुनौती बनने की किसी भी धारणा को खारिज कर दिया और कहा कि लोग अब क्षेत्र में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की स्थिति से प्रसन्न हैं।

स्थानीय लोगों की शिकायत के बारे में पूछे जाने पर कि वह उनके लिए उपलब्ध नहीं थे, केंद्रीय राज्य मंत्री वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, "निर्वाचन क्षेत्र बहुत बड़ा है। इसलिए, हर गांव में जाना मुश्किल हो जाता है। लेकिन मैं समस्याओं के प्रति संवेदनशील हूं और उन्हें हल करने का प्रयास करता हूं।"

इस सप्ताह की शुरुआत में जालौन में चुनाव प्रचार करते हुए, आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा और वर्तमान चुनाव और महाभारत के बीच समानता दिखाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को कृष्ण और विपक्ष को दुर्योधन और दुशासन के रूप में संदर्भित किया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में राम भक्तों पर हमले आम थे।

उन्होंने कहा, "अब, हम गर्व से कह सकते हैं कि राम लला एक भव्य मंदिर में हैं, जिसके लिए अनगिनत हिंदुओं ने अपने जीवन का बलिदान दिया।"

हालांकि, विपक्षी दलों ने कानून-व्यवस्था में सुधार और क्षेत्र में विकास लाने के भाजपा के दावों को खारिज कर दिया।

समाजवादी पार्टी के जालौन जिलाध्यक्ष दीप राज सिंह गुर्जर ने कहा, "कानून-व्यवस्था पर समाजवादी पार्टी को दोष देना 'कानून व्यवस्था' पर अपनी विफलता को छिपाने के लिए भाजपा की एक राजनीतिक चाल है। आज आपराधिक घटनाएं बड़े पैमाने पर हैं।"

स्थानीय बहुजन समाज पार्टी के नेताओं ने कहा कि पार्टी को कम आंकना गलत होगा। पार्टी की जिला इकाई के एक नेता ने कहा, "उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री के रूप में मायावती के कार्यकाल के दौरान समाज के कमजोर वर्गों को आवाज मिली। लोगों ने इसे देखा है और यही कारण है कि वे चुपचाप हमारा समर्थन कर रहे हैं।"

एक स्थानीय व्यक्ति ने डबल इंजन सरकार (केन्‍द्र व राज्‍य सरकार) में अपना विश्वास जताया।

कालपी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे ढाबा संचालित करने वाले इसरार अहमद कहते हैं, ''हमें विकास के लिए केंद्र में नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार पर भरोसा है।''

आदित्यनाथ के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेषण (बुलडोजर) का उपयोग करते हुए अहमद कहते हैं, "देर रात में भी कोई डर नहीं है...बुलडोजर बाबा के शासन में कोई भी शांति भंग करने की हिम्मत नहीं कर सकता। "

यह निर्वाचन क्षेत्र जालौन, कानपुर देहात और झांसी जिलों के पांच विधानसभा क्षेत्रों को कवर करता है। निवर्तमान सांसद वर्मा 1996, 1998, 2004, 2014 और 2019 में जीत हासिल करते हुए पांच बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 19 May 2024 at 15:16 IST