अपडेटेड 18 May 2024 at 11:25 IST

राहुल गांधी की दिल्ली में रैली, केजरीवाल नहीं होंगे शामिल; क्या स्वाति मालीवाल केस वजह!

सांसद राहुल गांधी रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल नहीं होंगे। वजहें कई गिनाई जा रही हैं!

Follow : Google News Icon  
rahul gandhi and arvind kejriwal
राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल | Image: x/@rahulgandhi/kejriwal

Congress Delhi Rally:  कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज राजधानी दिल्ली में एक रैली को संबोधित करने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली के अशोक विहार रामलीला मैदान में होने वाली राहुल गांधी की इस जनसभा में आम आदमी पार्टी  चीफ अरविंद केजरीवाल को न्योता नहीं दिया गया है। वजहों को लेकर सफाई भी दी जाने लगी है, लेकिन क्या वहीं है जो दिख रहा है या कुछ और!

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली ही नहीं पूरे देश की सियासत में हलचल मची हुई है। स्वाति मालीवाल के साथ 13 मई को बदसलूकी,14 को आप की पीसी में संजय सिंह का पूरी घटना को सही करार देना, 15 को अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुप्पी फिर 16 को एफआईआर का दर्ज होना और 18 को मालीवाल का मिजस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराना- ये सब कुछ आम आदमी पार्टी की फजीहत से कम नहीं। शायद इसलिए चुनावी मौसम में कांग्रेस रिस्क नहीं लेना चाहती।

अपनी अपनी सफाई, फिर भी...

राहुल गांधी जिस भी प्रदेश में जाते हैं वहां अपने गठबंधन के साथियों संग मंच साझा करते दिखते हैं। झारखंड में भी ऐसा ही दिखा और यूपी में भी। उम्मीद दिल्ली को लेकर भी थी, लेकिन  7 में से 3 सीटों पर संतुष्ट रहने वाली ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने आम आदमी पार्टी से परहेज कर लिया।

दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ऑक्युपाइड हैं। यानि उनका शेड्यूल पहले से ही तय है। यही वजह है कि वो इस रैली का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। कांग्रेस की ओर से जो आधिकारिक बयान आया है उसमें इशारे छिपे हुए हैं।  दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस मामले पर कहा- 'ये पहले से तय कार्यक्रम है। चुनाव का समय है, उनकी व्यवस्था कुछ और कार्यक्रम में है, लेकिन निश्चित तौर पर उनकी पार्टी के नेता शामिल होंगे।

Advertisement

स्वाति मालीवाल पर कांग्रेस का स्टैंड साफ

उन्होंने आगे कहा- इस मामले (स्वाति मालीवाल) में अभी आरोप लगे हैं। इन्वेस्टिगेशन होगी, इसके बाद सजा होगी। कांग्रेस का महिलाओं कों लेकर स्टैंड साफ है। उनके साथ हुई घटना इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाते हैं, उनके साथ सबसे सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

केजरीवाल ने कांग्रेसियों के लिए किया प्रचार

कांग्रेस के कन्नी काटने की बात इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि हाल ही में सीएम केजरीवाल ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए ही नहीं बल्कि कांग्रेस के दो उम्मीदवारों जेपी अग्रवाल और उदित राज के लिए भी उनकी लोकसभा सीटों पर रोड शो कर वोट मांगे थे। इससे कयास लगाए जा रहे थे कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की बड़ी रैलियों के मंच पर केजरीवाल नजर आएंगे लेकिन लोकसभा चुनावों के दौरान दिल्ली में राहुल की इस पहली बड़ी रैली से आप संयोजक ही गायब रहेंगे।

Advertisement

कांग्रेस में बिखराव के बीच दिल्ली में चुनाव

दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए 25 मई को वोटिंग होनी है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। चार पर AAP और तीन पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। चांदनी चौक पर कांग्रेस ने पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल को टिकट दिया है। उनके लिए ही राहुल वोट अपील करेंगे।

राहुल उस समय में चुनावी सभा कर रहे हैं जब दिल्ली कांग्रेस बिखराव के कगार पर है। कई बड़े नाम अलग हो गए हैं  तो कुछ के बगावती तेवर बरकरार हैं। 28 अप्रैल को दिल्ली के कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद वो 5 मई को वे भाजपा में शामिल हो गए थे। लवली के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने 30 अप्रैल को देवेंद्र यादव को दिल्ली इकाई का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया था।

ये भी पढ़ें- 'धृतराष्ट्र केजरीवाल का आवास टॉर्चर केंद्र', स्वाति मालीवाल केस में दिल्ली CM पर BJP का हमला

Published By : Kiran Rai

पब्लिश्ड 18 May 2024 at 11:00 IST