अपडेटेड 5 April 2024 at 17:30 IST
खजुराहो से मीरा यादव का नामांकन रद्द होने पर सपा में खलबली, जानिए भड़के अखिलेश यादव ने क्या कहा
अखिलेश यादव ने कहा कि खजुराहो सीट से इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त करना सरेआम लोकतंत्र की हत्या है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Lok Sabha Election: मध्य प्रदेश में चुनाव होने से पहले ही समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। खजुराहो से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द हो गया है। अब इस सीट पर बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है। बीजेपी ने खजुराहो से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
मीरा यादव के नामांकन रद्द होने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि खजुराहो सीट से इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त करना सरेआम लोकतंत्र की हत्या है। कहा जा रहा है कि हस्ताक्षर नहीं थे तो फिर देखनेवाले अधिकारी ने फार्म लिया ही क्यों।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने कहा कि ये सब बहाने हैं और हार चुकी भाजपा की हताशा। जो न्यायालय के कैमरे के सामने छल कर सकते हैं वो फार्म मिलने के बाद पीठ पीछे क्या-क्या साजिश रचते होंगे। भाजपा बात में ही नहीं काम में भी झूठी है और समस्त प्रशासनिक तंत्र को भ्रष्ट बनाने की दोषी भी। इस घटना की भी न्यायिक जाँच हो, किसी का पर्चा निरस्त करना लोकतांत्रिक अपराध है।
Advertisement
कोर्ट जाएंगी सपा प्रत्याशी
मीरा यादव के पति दीप नारायण यादव ने नामांकन रद्द होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नामांकन फॉर्म में एक साइन नहीं होने की वजह से उसे रद्द किया गया है। इस गतली को सुधार के लिए बताया जा सकता था। दीप नारायण यादव ने कहा की हम इसके खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त, कोर्ट और जरूर हुई तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
Advertisement
कौन हैं मीरा यादव?
मीरा यादव ने 2008 में सपा के टिकट पर निवारी विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी, जो खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। मीरा ने 1998 में जिला पंचायत का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उनके पति दीप नारायण यादव 2007 और 2012 में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में झांसी के गरौठा से सपा विधायक थे। इसकी सीमा मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से लगती है। दीप यादव मध्य प्रदेश सपा प्रमुख भी रह चुके हैं।
26 अप्रैल को मतदान
खजुराहो सीट पर करीब 19 लाख वोटर हैं। नामांकन की अंतिम तारिख तक कुल 23 पर्चे भरे गए थे, लेकिन अब मैदान में 18 प्रत्याशी रह गए हैं। मुख्य मुकाबला सपा और बीजेपी के बीच माना जा रहा था, लेकिन मीरा यादव का नामांकन रद्द होने से अब सीधी टक्कर बीएसपी प्रत्याशी कमलेश पटेल और बीजेपी प्रत्याशी वी.डी शर्मा के बीच रह गई है। वी.डी शर्मा 2019 में खजुराहो से 4.5 लाख से ज्यादा वोट से जीते थे। इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होना है।
इसे भी पढ़ें : खजुराहो में इंडी गठबंधन को बड़ा झटका, सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द, BJP की जीत तय
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 5 April 2024 at 17:25 IST