अपडेटेड 28 April 2024 at 20:18 IST

'धनंजय सिंह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे बड़ा गुंडा,ठाकुरों...', अभय सिंह का पूर्व सांसद पर बड़ा हमला

अभय सिंह ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर क्षत्रिय विरोधी होने के साथ-साथ उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया है।

Follow : Google News Icon  
Abhay-Singh-Dhananjay-Singh
अभय सिंह और धनंजय सिंह | Image: Facebook

लोकसभा चुनाव अपने पूरे शवाब पर हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश की जौनपुर लोकसभा सीट पर सियासी पारा जमकर चढ़ा हुआ है। सूबे के पूर्व बसपा सांसद धनंजय सिंह को एक दिन पहले अभी जमानत ही मिली थी कि  जौनपुर में समाजवादी पार्टी से विधायक अभय सिंह ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को लेकर बड़ा हमला बोला है। अभय सिंह ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर क्षत्रिय विरोधी होने के साथ-साथ उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया है। अभय सिंह समाजवादी पार्टी से विधायक हैं।

अभय सिंह ने जौनपुर सदर लोकसभा सीट से बसपा उम्मीदवार श्रीकला रेड्डी के पति पर ठाकुर नेताओं का विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि धनंजय सिंह ने कभी किसी ठाकुर का साथ नहीं दिया है वो हमेशा ओबीसी और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए राजनीति करते रहे हैं। जौनपुर के एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे थे सपा विधायक अभय सिंह जहां उन्होंने धनंजय सिंह पर हमला बोला।

ठाकुर विरोधी हैं धनंजयः अभय सिंह

फैजाबाद के गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक अभय सिंह रविवार (28 अप्रैल) जौनपुर के शिवापार क्षेत्र के एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उसी दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए धनंजय सिंह पर जमकर हमला बोला। अभय सिंह ने कहा धनंजय सिंह हमेशा से क्षत्रियों के खिलाफ रहे हैं, धनंजय ने कभी किसी ठाकुर नेता को आगे बढ़ने नहीं दिया। वो पिछड़ी जातियों और यादवों के साथ रहा है।

कितनी माताओं के सूने किए आंचल...

हमला जारी रखते हुए अभय सिंह ने आगे कहा कि धनंजय सिंह ने कितनी महिलाओं के मंगलसूत्र छीने कितनी माताओं के आंचल को सूना कर दिया। अब उनका क्या होगा? उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ करते हुए ये भी कहा कि वो राष्ट्र के विकास में हमेशा उनके साथ हैं। अभय सिंह ने कहा कि वो सनातन धर्म के साथ हैं और सनातन धर्म की बुराई करने वाले उनके दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि जहां भगवान राम का सम्मान नहीं वहां हम भी नहीं।  

Advertisement

राज्यसभा चुनाव के दौरान सुर्खियों में आए थे अभय

आपको बता दें कि अभी हाल में ही उत्तर प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव में अभय सिंह ने सपा विधायक मनोज पांडेय के साथ मिलकर सपा के खिलाफ वोटिंग की थी। जब उनसे क्रॉस वोटिंग को लेकर पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग के बाद से अखिलेश यादव से बातचीत नहीं हुई है। लोकसभा चुनाव को लेकर अभय सिंह ने कहा कि आने वाले चुनाव परिणामों में बीजेपी को बंपर तरीके से जिताने और विपक्षी दलों को जोरदार तरीके से हटाने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या वो सपा छोड़ चुके हैं तो उन्होंने कहा कि समय आने पर आपको जानकारी मिल जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः अखिलेश की जनसभा में माफिया का गुणगान, अतीक-अशरफ के नाम पर वोट की अपील

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 28 April 2024 at 20:08 IST