अपडेटेड 24 May 2024 at 08:38 IST
छठे दौर में 58 सीटों पर मतदान कल, 3 पूर्व CM-3 केंद्रीय मंत्री की किस्मत पर होगा फैसला
2024 लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों पर मत पड़ेंगे। इस बार 1 पूर्व जज भी लोकतंत्र के महापर्व में किस्मत आजमा रहे हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Lok Sabha Election 2024: छठे चरण में 889 कैंडिडेट्स चुनावी समर में अपना जौहर दिखाएंगे। 7 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश के मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर तीसरे फेज में चुनाव होने थे, लेकिन इसे स्थगित कर छठे फेज में शिफ्ट किया गया।
58 सीटों पर 2019 में सबसे ज्यादा भाजपा ने 40, बसपा ने 4, बीजेडी ने 4, जेडीयू ने 3, टीएमसी ने 3, सपा- एलजेपी-आजसू ने एक एक सीट जीती थीं। इन 58 में से एक पर भी कांग्रेस और AAP अपना खाता नहीं खोल सकी थीं।
3 पूर्व सीएम मैदान में
पीडीपी की महबूबा मुफ्ती अनंतनाग राजौरी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। वैसे तो इंडी अलायंस में हैं लेकिन अपनी सियासत चमकाने के लिए पीडीपी और जेकेएनसी ने राहें जुदा कर लीं। महबूबा के खिलाफ एनसी ने मौजूदा सांसद हसनैन मसूदी का टिकट काटकर मियां अल्ताफ को उतार दिया। 2022 में इसका परिसीमन होने के बाद चुनाव दिलचस्प होगा।
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल से ताल ठोक रहे हैं तो जगदंबिका पाल उत्तर प्रदेश के डुमरियागंज से लड़ रहे हैं। इस तरह कुल 3 पूर्व मुख्यमंत्री मैदान में हैं।
Advertisement
तीन केंद्रीय मंत्री भी...
इस चरण में 3 केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह मैदान में हैं। इनके अलावा एक पूर्व जज भी पश्चिम बंगाल की सीट से अपना दम खम दिखाएंगे। ये हैं अभिजीत गंगोपाध्याय। जिन्होंने रिटायरमेंट से पहले ही मार्च में कोलकाता हाईकोर्ट से इस्तीफा दिया। फिर उसी दिन बीजेपी ज्वाइन कर ली।
दिग्गजों की साख दांव पर
कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला इस फेज में तय होगा। इनमें मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, राज बब्बर, निरहुआ, मेनका गांधी, नवीन जिंदल के नाम शामिल हैं। 889 कैंडिडेट्स में 797 पुरुष और 92 महिला उम्मीदवार हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म के अनुसार, छठे फेज के 889 उम्मीदवारों में से 183 पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं।
Advertisement
सबसे अमीर नवीन जिंदल
हाल ही में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए नवीन जिंदल इस चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। हलफनामे में कुल संपत्ति 1241 करोड़ रुपए बताई है। ये हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से सांसदी के लिए लड़ रहे हैं। एडीआर के मुताबिक, इस फेज में 39% यानी 343 उम्मीदवार करोड़पति हैं यानि इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। वहीं एक उम्मीदवार ऐसा भी है जिसकी संपत्ति 2 रुपए है और ये हैं हरियाणा के ही रोहतक से निर्दलीय उम्मीदवार मास्टर रणधीर सिंह। 889 उम्मीदवारों में से 39 प्रतिशत यानि 343 करोड़पति हैं। इन कैंडिडेट्स के पास एवरेज संपत्ति 6.21 करोड़ रुपए है। सबसे ज्यादा भाजपा के 48 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
पांचवे फेज तक 543 लोकसभा सीटों में से 429 सीटों पर मतदान हो चुका है। वहीं 25 मई तक कुल 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। इस तरह अंतिम और सातवें फेज में 56 सीटों पर मतदान होगा।
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 24 May 2024 at 08:24 IST