अपडेटेड 15 November 2024 at 21:06 IST
'जनता को लुभाने के लिए झूठे वादे करते हैं', राजनाथ सिंह का विपक्ष पर बड़ा हमला, कहा- BJP ने कभी...
राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बने रहने दिया जाता तो कोई समस्या नहीं थी, लेकिन JMM गठबंधन झारखंड को लूटना चाहता था।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Rajnath Singh Statement: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि विश्वसनीयता किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी संपत्ति है और दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी इसके साथ समझौता नहीं किया, जबकि अन्य पार्टियां राजनीतिक लाभ के लिए मतदाताओं को लुभाने के लिए झूठे वादे करती हैं।
उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट देने और अगले दो कार्यकाल के लिए राजग सरकार बनाने में भाजपा की मदद करने का आग्रह किया ताकि झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाया जा सके।
राजनाथ सिंह की रांची में रैली
रक्षा मंत्री ने रांची के खिजरी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “विश्वसनीयता किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी पूंजी होती है और भाजपा इससे कभी समझौता नहीं करती। इसने जनसंघ के समय से किए गए सभी वादों को पूरा किया है, जबकि अन्य राजनीतिक दल झूठे वादे करते हैं और सत्ता में बने रहने के लिए जनता को धोखा देते हैं।”
उन्होंने दावा किया कि भारत तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन झारखंड की प्रगति मौजूदा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार में रुक गई है।
Advertisement
सिंह ने यह भी कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। भाजपा नेता ने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
जातिगत जनगणना पर क्या बोले राजनाथ सिंह?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी “वोट हासिल करने के लिए जनता को मूर्ख बनाने” के वास्ते जाति आधारित जनगणना का वादा कर रहे हैं। सिंह ने दावा किया कि 2011 में देश में सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना की गई थी और लगभग 46 लाख जातियों, उपजातियों और गोत्रों की मौजूदगी पाई गई थी। उन्होंने जानना चाहा कि कांग्रेस विभिन्न जातियों के लोगों के बीच आरक्षण का वितरण कैसे करेगी।
Advertisement
उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से चंपई सोरेन के इस्तीफे को लेकर झामुमो नीत गठबंधन पर भी हमला बोला। सिंह ने दावा किया, “अगर चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बने रहने दिया जाता तो कोई समस्या नहीं थी, लेकिन वे (झामुमो नीत गठबंधन) झारखंड को लूटना चाहता था।”
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 15 November 2024 at 21:06 IST