झामुमो और भाजपा ने झारखंड में अगली सरकार बनाने को लेकर विश्वास जताया

झामुमो और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) ने बुधवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद झारखंड में अगली सरकार बनाने को लेकर विश्वास जताया।

Follow : Google News Icon  
 JMM and BJP expressed confidence in forming the next government in Jharkhand
JMM and BJP expressed confidence in forming the next government in Jharkhand | Image: PTI

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) ने बुधवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद झारखंड में अगली सरकार बनाने को लेकर विश्वास जताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावा किया कि राज्य के लोगों ने झामुमो नीत सत्तारूढ़ गठबंधन को अपना आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्गों, युवाओं, मजदूरों, महिलाओं, किसानों- सभी ने उत्साह और उमंग के साथ अपना अभूतपूर्व आशीर्वाद दिया। सभी ने खासकर राज्य की आधी आबादी - हमारी मइयाओं (महिलाओं) ने अपने अधिकार, सम्मान और आदर के लिए ऐतिहासिक तरीके से झामुमो और ‘इंडिया’ गठबंधन को अपना असीम आशीर्वाद दिया।’’

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में 81 में से 51 सीट जीतेगा।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव में राजग को राज्य की 51 विधानसभा सीट पर बढ़त मिली थी। हमें पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में राजग 51 से ज्यादा सीट जीतेगा।’’

मरांडी ने कहा कि बरहेट विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री ने चुनाव लड़ा है और वहां आश्चर्यजनक परिणाम आ सकते हैं।

Advertisement

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘जिस तरह से महिलाओं ने मतदान में हिस्सा लिया है और मतदान केंद्रों पर सरकार के काम को लेकर लोगों में जो चर्चा हुई, उससे मैं कह सकता हूं कि हमारा गठबंधन पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करेगा और हम राज्य को एक मजबूत सरकार देंगे।’’

दूसरे चरण में 38 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। पहले चरण में 43 सीट के लिए 13 नवंबर को मतदान हुआ था और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

इसे भी पढ़ें: तलाक के पोस्ट में AR Rahman ने ऐसा क्या लिख दिया? लोगों ने लगा दी क्लास

Advertisement
Published By :
Deepak Gupta
पब्लिश्ड