Jharkhand Election: 'आज रोटी-बेटी-माटी के लिए पहले मतदान करें', अमित शाह ने की वोटिंग की अपील
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण से मुक्त और विकसित राज्य के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान की अपील की।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Jharkhand Assembly Election: झारखंड में बुधवार, 13 नवंबर को विधानसभा की 43 सीट के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन सहित कुल 683 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण से मुक्त और विकसित राज्य के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान की अपील की।
दरअसल, झारखंड में आज विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 15 जिलों की 43 सीटों पर मतदान हो रहा है। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा की शेष 38 सीटों पर दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
'भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण मुक्त झारखंड के…'
अमित शाह ने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "झारखंड के पहले चरण में मतदान के लिए जा रहे सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण मुक्त और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए रिकॉर्ड मतदान करें।"
रोटी-बेटी-माटी के लिए पहले मतदान करें- अमित शाह
उन्होंने आगे लिखा, "झारखंड में जनजातीय अस्मिता की रक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार के लिए बढ़-चढ़कर वोट करें। आज रोटी-बेटी-माटी के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।"
Advertisement
इन नेताओं ने की थी उनके उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने राज्य में कई रैलियां कीं, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बल पर लोगों से उनके उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
शाम पांच बजे तक जारी रहेगा मतदान
बता दें कि निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। पहले चरण में कुल 1.37 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।