BREAKING: झारखंड के लिए BJP की पहली लिस्ट जारी, जामताड़ा से सीता सोरेन तो चंपई को सरायकेला से टिकट
झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर BJP ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी( BJP ) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 66 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। सीता सोरेन को जामतारा से टिकट मिला है तो JMM का साथ छोड़ BJP का दामन थामने वाले पूर्व सीएम चंपई सोरेन को सरायकेला से टिकट मिला है।
झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होगा। पहले चरण में 13 नवंबर और दूसरे चरण में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। शनिवार, 19 अक्टूबर को बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। अब तक किसी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की गई है। बीजेपी की ओर से इसकी शुरुआत कर दी गई है। पहली लिस्ट में 66 उम्मीदवारों के नाम हैं।
BJP ने जारी की 66 उम्मीदवारों की पहली सूची
भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी के राज्य प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवार से, लोबिन हेम्ब्रोम बोरियो से, सीता सोरेन जामताड़ा से, गीता बालमुचू चाईबासा से, गीता कोड़ा जगनाथपुर से, मीरा मुंडा पोटका से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, JMM का साथ छोड़ BJP का दामन थामने वाले चंपई सोरेन को सरायकेला से पार्टी ने टिकट दिया है।
पहली सूची में इन उम्मीदवारों का नाम
पार्टी महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा यहां जारी एक प्रेस विाप्ति के अनुसार, सूची में शामिल प्रमुख नामों में पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी को धनवार, झामुमो छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को सरायकेला (आरक्षित), पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर (आरक्षित) और झामुमो नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को जामताड़ा से टिकट दिया गया है।
Advertisement
68 सीट पर चुनाव लड़ रही BJP
बता दें कि BJP राज्य की 81 विधानसभा सीट में से 68 पर चुनाव लड़ रही है बाकी की सीट उसने अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। झारखंड में भी दो गठबंधन आमने-सामने होंगे। यहां फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता पर काबिज है। महागठबंधन में कांग्रेस, RJD और वाम दल शामिल हैं। वहीं, NDA भी कई दलों के साथ मिलकर इस बार झारखंड के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। बीजेपी की कोशिश झारखंड से झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को सत्ता से बाहर करने की कोशिश कर रही है।
सत्ता में वापसी कर पाएगा NDA गठबंधन?
झारखंड में मौजूदा स्थिति देखें तो महागठबंधन का 47 सीटों पर फिलहाल कब्जा है। इसमें JMM के पास 27 सीटें, कांग्रेस के पास 18, RJD और CPI (M) के पास एक-एक सीट है। झारखंड में बहुमत का आंकड़ा 41 है।बात NDA गठबंधन की करें तो उसके पास झारखंड में फिलहाल 28 सीटों के साथ विपक्ष में हैं। इसमें BJP के पास 24 सीटें, आजसू के पास तीन और NCP (AP) के पास एक सीट शामिल है। विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। 2019 में झारखंड में पांच चरण में चुनाव हुए थे। इस बार 2 चरणों में मतदान होगा। 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।