अपडेटेड 20 November 2024 at 11:03 IST

Jharkhand Assembly Election: दूसरे चरण में 38 सीट के लिए मतदान जारी

Jharkhand Assembly Election: झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 38 सीट के लिए मतदान जारी हैं।

Follow : Google News Icon  
Lok Sabha elections 2024: Delhi gears up for its crucial voting day scheduled for May 25th.
झारखंड विधानसभा चुनाव | Image: PTI

Jharkhand Assembly Election: झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 38 सीट के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य के 12 जिलों में 14,218 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि 31 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा, हालांकि उस समय तक कतार में खड़े लोग अपने मताधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे।

कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 60.79 लाख महिलाएं और 147 ‘थर्ड जेंडर’ के मतदाता शामिल हैं।

Advertisement

दूसरे चरण में मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अमर कुमार बाउरी सहित कुल 528 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों से बढ़-चढ़ कर मतदान करने की अपील की है।

Advertisement

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ आज झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा और आखिरी चरण है। मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर मैं अपने उन सभी युवा साथियों को विशेष रूप से बधाई देता हूं जो पहली बार वोट करने जा रहे हैं। आपका हर वोट राज्य की ताकत है।’’

मुख्यमंत्री सोरेन ने भी जनता से मतदान की अपील की और कहा कि दूसरे चरण का मतदान ‘‘स्वर्णिम झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’

उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा, ‘‘ झारखंड को टूटने से बचाने के लिए हमें एकजुट होकर बड़ी संख्या में मतदान करना होगा। आज फिर मतदाताओं को उसी उत्साह और जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा।’’

सोरेन ने कहा, ‘‘ आज झारखंड में लोकतंत्र के महापर्व का दूसरा और अंतिम चरण है। आज 38 विधानसभा सीट पर मतदान हो रहा है... पहले चरण में 43 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी वर्गों ने अपने अधिकारों और एक मजबूत झारखंड के लिए मतदान किया। जो लोग झारखंड के खिलाफ साजिश कर रहे थे उन्हें करारा जवाब दिया गया।'

उन्होंने लोगों से मतदान का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘इस महत्वपूर्ण अवसर पर आप सभी से अपील है कि भारी संख्या में अपने बूथ केंद्रों पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा अन्य सभी को भी प्रेरित करें। आज मतदान में भाग ले रहे सभी मतदाताओं, मतदान अधिकारियों तथा झामुमो और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के जवानों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं एवं बधाई।’’

इन 38 विधानसभा सीट में से 18 निर्वाचन क्षेत्र संथाल परगना क्षेत्र में हैं, जिसमें छह जिले - गोड्डा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ आते हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने बताया कि कुल 14,218 मतदान केंद्रों में से 239 पर मतदान प्रक्रिया की संपूर्ण जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है और 22 पर दिव्यांगजनों को तैनात किया गया है।

राज्य में सत्तारूढ़ झामुमो नीत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ अपनी कल्याणकारी योजनाओं के बल पर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में आने की जी तोड़ कोशिश कर रहा है।

पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

ये भी पढ़ें: प्रदूषण के कारण दिल्ली सरकार के 50 फीसदी कर्मचारी घर से काम करेंगे: पर्यावरण मंत्री गोपाल राय

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 20 November 2024 at 11:03 IST