Jharkhand: चुनावों से पहले झारखंड में BJP को झटका,लुईस मरांडी इस्तीफा देकर CM हेमंत से मिलने पहुंचीं
झारखंड में चुनावी हलचल के बीच BJP को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी की कद्दावर नेता डॉ लुईस मरांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। तारीखों के ऐलान के साथ ही BJP द्वारा प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी गई। मगर राज्य में सियासी हलचल के बीच पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी की कद्दावर नेता डॉ लुईस मरांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सोमवार देर शाम उन्होंने अपने इस्तीफे का ऐलान किया। सीट बंटवारे को लेकर उनकी पार्टी से नाराजगी की खबरें आ रही थी।
झारखंड में चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। BJP और आजसू ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पहली सूची आते ही प्रत्याशियों की नाराजगी भी सामने आने लगी। दुमका सीट से तीन बार चुनाव लड़ने वाली और बीजेपी के शासनकाल में मंत्री रही लुईस मरांडी ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। लुईस मरांडी की JMM से संपर्क होने की आशंका लगातार जताई जा रही थी।
लुईस मरांडी ने दिया इस्तीफा
बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद डॉ लुईस मरांडी झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के रांची स्थित आवास पर पहुंचीं। इसके बाद उनके JMM में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई है। हालांकि, अभी लुईस मरांडी ने इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। मगर सीट बंटवारे को लेकर इनकी पार्टी से नाराजगी और JMM नेताओं के संपर्क में होने की खबरें बीते दिनों से आ रही थी।
इस वजह से नाराज थीं लुईस मरांडी
बता दें कि बीजेपी ने दुमका से सुनील सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। इसे लेकर लुईस मारांडी की नाराज चल रही थी। सुनील सोरेन के भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के कयास के बाद से ही लुईस झामुमो में शामिल होने की संभावना तलाश रही थी। अब उनके पार्टी छोड़ने की खबर मुहर लग गई। सीएम हेमंत से मुलाकात के बाद उनके JMM में शामिल होने की संभावना तेज हो गई है।
Advertisement
कभी हेमंत सोरेने को दी थीं मात
बता दें कि लुईस मरांडी दुमका से तीन बार चुनाव लड़ चुकी हैं। 2014 के चुनाव में उन्होंने हेमंत सोरेन को हराया था। इससे पहले 2009 और 2019 के चुनाव में उन्हें झामुमो उम्मीदवार हेमंत सोरेन से शिकस्त मिली थी। अब हेमंत को मात देने वाली लुईस पाला बदलते हुए हेमंत का ही साथ देने का ऐलान कर सकती है।